
नेवादा वार्ड में हुआ मिनी नलकूप का शिलान्यास, 400 परिवारों को मिलेगा शुद्ध पेयजल




वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी नगर निगम के वार्ड संख्या 26, नेवादा में रविवार को मिनी नलकूप परियोजना का शुभारंभ हुआ। इस परियोजना का शिलान्यास नगर के महापौर अशोक कुमार तिवारी द्वारा किया गया। नलकूप निर्माण की लागत ₹31 लाख 33 हजार है, जिससे गणेश धाम कॉलोनी के लगभग 300 से 400 परिवारों को स्वच्छ पीने के पानी की सुविधा सुनिश्चित होगी।


शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद गरिमा सिंह, नवीनत पांडेय 'अतुल', मदन मोहन तिवारी, गुड्डू पटेल, श्याम भूषण, रविन्द्र सिंह, राजकुमार, रविदास मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पटेल, अमित सिंह, अमरनाथ पटेल, चंद्रशेखर सिंह, नीरज सिंह, पंकज सिंह, गुड्डू सिंह सहित गणेश धाम विकास समिति, स्थानीय नागरिक और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।


महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं, विशेषकर जल आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। यह नलकूप स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस विकास कार्य के लिए महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में अन्य आवश्यक परियोजनाएं भी जल्द शुरू होंगी।


