Movie prime
PMC_Hospital

अस्सी घाट पर 9.84 करोड़ से बनेगी मैकेनाइज्ड पार्किंग, खत्म होगी जाम की समस्या

2.14 करोड़ से बनेगा आधुनिक फूड प्लाजा; नगर आयुक्त ने पुष्कर कुंड से अतिक्रमण हटाने, शौचालयों पर रेट लिस्ट लगाने और सड़कों के सौंदर्यीकरण के दिए  निर्देश

Ad

 
Nagar Nigam
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी , भदैनी मिरर।  पर्यटन नगरी वाराणसी में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। अस्सी घाट और भदैनी क्षेत्र में अक्सर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 9.84 करोड़ रुपये की लागत से मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग तथा 2.14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फूड प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है।

Ad

इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का स्थलीय जायजा लेने के लिए रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट, पुष्कर कुंड, रवींद्रपुरी और भेलूपुर क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।

NAGAR NIGAM

एक महीने में पूरा होगा अस्सी फूड प्लाजा का काम

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अस्सी फूड प्लाजा के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को हिदायत दी कि कार्य की गति बढ़ाई जाए और अगले एक महीने के भीतर इसे हर हाल में पूरा किया जाए। इस फूड प्लाजा के शुरू होने से 'सुबहे-बनारस' का आनंद लेने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक वातावरण में बनारसी खान-पान की सुविधाएं मिल सकेंगी।

वहीं, 9.84 करोड़ की लागत से आकार ले रही मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग के कार्य को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए, ताकि अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर गाड़ियों के अनियंत्रित जमावड़े और जाम से निजात मिल सके।

पुष्कर कुंड की तलहटी से सफाई और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश

अस्सी से पुष्कर कुंड जाने वाले मार्ग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इंटरलॉकिंग रोड की तत्काल मरम्मत, नाली निर्माण और डामर सड़क के किनारों को सुंदर बनाने का निर्देश दिया। पुष्कर कुंड क्षेत्र में गलियों के चौड़ीकरण में बाधक बन रहे अवैध अतिक्रमणों की जाँच कर उन्हें तुरंत हटाने के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा, कुंड के जल को स्वच्छ रखने के लिए पूरी तलहटी की गहन सफाई कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

रवींद्रपुरी में बंद स्ट्रीट लाइटें होंगी चालू, डिवाइडर का होगा सौंदर्यीकरण

सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने रवींद्रपुरी से गुरुधाम चौराहा मार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने का आदेश दिया। साथ ही भेलूपुर स्थित जलकल संस्थान परिसर के सामने वाले डिवाइडर का सौंदर्यीकरण कराने के लिए निर्देशित किया।

सार्वजनिक शौचालयों पर रेट लिस्ट अनिवार्य, मानक सुविधाएं दुरुस्त करने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान गुरुधाम मार्ग और अस्सी घाट स्थित 'नो वाटर यूज' यूरिनल व टॉयलेट में निर्धारित रेट लिस्ट न चस्पा होने तथा हैंड ड्रायर जैसी मानक सुविधाओं के अभाव पर नगर आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से शहर के सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में पारदर्शी रेट लिस्ट लगाने और सभी सुविधाएं दुरुस्त करने के कड़े आदेश जारी किए।

इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अभियंता तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे।