वाराणसी में नवरात्र पर मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद, एयर शो के चलते नमो घाट के 30 किमी दायरे में 26 अक्टूबर तक प्रतिबंध
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: शारदीय नवरात्र और भारतीय वायु सेना के भव्य 'एरियल डिस्प्ले-2026' के मद्देनजर वाराणसी नगर निगम एवं जिला प्रशासन ने शहर में मांस, मछली और मुर्गी की बिक्री तथा पशुवध को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवरात्र के दौरान पूरे शहर में दुकानें बंद रहेंगी, वहीं नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो के दौरान 'बर्ड-हिट' की संभावना को समाप्त करने के लिए विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं।

11 से 19 अक्टूबर तक शहर में मांस-मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि शारदीय नवरात्र का पावन पर्व 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इसके मद्देनजर 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, शासनादेश और नगर निगम सदन के प्रस्ताव के तहत शहर के किसी भी मंदिर या धार्मिक स्थल के 500 मीटर के दायरे में, श्री काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र मानकर 2 किलोमीटर की परिधि में मांस की बिक्री, प्रयोग और पशुवध पर स्थायी रूप से पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी जोनों के कर्मचारियों को सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों तथा कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एयर शो में 'बर्ड-हिट' रोकने के लिए 19 से 26 अक्टूबर तक 30 किमी परिधि में विशेष रोक
भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में काशी के नमो घाट पर ऐतिहासिक 'एरियल डिस्प्ले-2026' का आयोजन किया जा रहा है, जिसे शासन ने 'स्टेट इवेंट' घोषित किया है। एयर शो की मुख्य तारीखें 24, 25 और 25 अक्टूबर तय की गई हैं (26 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है)।
फाइटर जेट्स की सुरक्षा और आकाश में पक्षियों के टकराने (बर्ड-हिट) के खतरे को पूरी तरह टालने के लिए जिला प्रशासन ने नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक मांस-मछली की कटिंग और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
सफाई अभियान, मोबाइल टॉयलेट और गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, एयर शो और नवरात्र के दौरान शहर में पक्षियों की जमावट रोकने के लिए नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा।
इसके अलावा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए गंगा नदी के गहरे पानी में प्रभावी बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रमुख रास्तों पर बैरियर लगाए गए हैं। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट्स (Mobile Toilets) स्थापित किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम इस बड़े आयोजन को भव्य, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे हैं।
