वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से अचानक चली गोली, चेकिंग कर रहे 2 कर्मचारी घायल
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने आए पूर्व सैनिक की लोडेड पिस्टल से अचानक फायर हो गया। हादसे में 2 कर्मचारी घायल हुए हैं।
वाराणसी (भदैनी मिरर)। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में सिक्योरिटी स्क्रीनर के रूप में तैनात एक महिला कर्मचारी और एक अन्य सहकर्मी घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही टर्मिनल भवन में हड़कंप मच गया और सीआईएसएफ (CISF) समेत पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।


ऑनलाइन बुकिंग के बाद कराई जा रही थी चेकिंग
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले पूर्व सैनिक कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट (IX-1810) से मुंबई जाने वाले थे। उन्होंने नियमों के अनुसार अपनी लाइसेंसी पिस्टल को मुंबई ले जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी।

रविवार सुबह करीब 9:30 बजे वह एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में अपने हथियार और कारतूसों की जांच (राउंड काउंटिंग) करवा रहे थे। इसी दौरान पिस्टल अचानक अनजाने में डिस्चार्ज हो गई और गोली फर्श से टकराकर पास में खड़ी 27 वर्षीय महिला स्क्रीनर सुमन के दाहिने पैर (जांघ) में जा लगी। सुमन मूल रूप से बिहार के गया जिले की रहने वाली हैं। गोली के छर्रे पास में खड़े एक अन्य कर्मचारी के हाथ के अंगूठे में भी लगे, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए।


अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी एजेंसियां
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सतोमहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
एयरपोर्ट निदेशक और डीसीपी का बयान
-
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह मुंबई जाने वाले यात्री द्वारा घोषित हथियार की जांच के दौरान यह हादसा हुआ। फायर होने से AAICLAS के दो स्क्रीनर्स घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
-
डीसीपी (गोमती जोन) नीतू कादयान के मुताबिक, लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड काउंटिंग के समय अचानक फायरिंग हो गई। हादसे के बाद हथियार को कब्जे में लेकर संबंधित यात्री से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत कानूनी जांच जारी है।
