वाराणसी: स्कूटी की डिक्की में रखकर बेच रहा था गांजा, चेकिंग में पकड़ा गया
एसओजी-2 और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त चेकिंग में पकड़ा गया युवक, खोजवा का रहने वाला है आरोपी
वाराणसी,भदैनी मिरर। वाराणसी के खोजवा क्षेत्र में पुलिस ने गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अंतर्गत भेलूपुर सर्किल की टीम और एसओजी-2 ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जिसमें एक युवक को स्कूटी की डिक्की में गांजा लेकर जाते हुए पकड़ा गया।


जानकारी के अनुसार, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को सूचना मिली थी कि खोजवा इलाके में एक युवक अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एसओजी-2 प्रभारी अभिषेक पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान स्कूटी से जा रहे संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसकी स्कूटी की डिक्की से लगभग 300 से 350 ग्राम के बीच गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान सोनू मौर्या, निवासी खोजवा के रूप में हुई।

एसीपी ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में था। बरामदगी के बाद उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है। खोजवा और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

भदैनी मिरर को मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस आगे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
