Movie prime
PMC_Hospital

काशी को जाम और सड़क हादसों से मिलेगी मुक्ति; बार-बार नियम तोड़ने वाले 500 वाहनों के रजिस्ट्रेशन होंगे निरस्त

कैंट बस स्टेशन पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बनेगी प्रशासन, ट्रैफिक, परिवहन और PWD की संयुक्त टीम।

Ad

 
dm
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी जिले की यातायात (ट्रैफिक) व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी (DM) सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बार-बार यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले और बार-बार चालान कटवाने वाले 500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन तत्काल निरस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Ad
Ad

कैंट बस स्टेशन के जाम से मिलेगी मुक्ति, बनेगी जॉइंट टीम

शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कैंट बस स्टेशन पर रोडवेज बसों के कारण लगने वाले भीषण जाम को लेकर जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि आम जनता को इस रोज-रोज के जाम से तत्काल निजात दिलाई जाए। इसके लिए प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग (ARTO) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को शामिल कर एक संयुक्त (जॉइंट) टीम बनाई जाए, जो मौके पर जाकर इस समस्या का स्थाई निदान सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही सड़कों के किनारे से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के अभियान पर विशेष जोर दिया गया।

Ad

ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों की होगी कड़ाई से जांच

बैठक में छात्र-छात्राओं और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूली वाहनों और शहर में संचालित हो रहे ई-रिक्शों की फिटनेस व संचालन रूटों की कड़ाई से जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, पेट्रोल पंपों से मुख्य सड़क पर निकलने वाले रास्तों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है ताकि अचानक वाहनों के सामने आने से होने वाले हादसों को रोका जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस व इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम (ERS) को और अधिक मजबूत व सक्रिय किया जाए।

Ad

ब्लैक स्पॉट्स का होगा सुधार, PWD बनाएगा सर्विस रोड

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले के सभी चिन्हित 'ब्लैक स्पॉट्स' पर शीघ्र आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि हाईवे से जुड़ने वाले ग्रामीण व स्थानीय रास्तों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए और नियमों के अनुसार स्पीड ब्रेकर लगवाए जाएं।

चालान के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर, DSO/DCP को जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने कहा कि केवल चालान काटना ही प्रशासन का मकसद नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापक जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। शहर में हेलमेट और सीट बेल्ट चेकिंग अभियान को और अधिक सख्ती से चलाने की बात कही गई। पूरी यातायात सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) और पुलिस उपायुक्त (DCP ट्रैफिक) को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।