
काशी ने बड़ी शिद्दत से बापू और शास्त्रीजी को किया याद, गाये भजन और सुनाये संस्मरण
स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में इन महान विभूतियों के योगदान की हुई चर्चा, उनके बताये मार्ग पर चलने का लिया संकल्प



कांग्रेस कार्यालयों के अलावा डीएम, कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, नगर निगम समेत विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रम
वाराणसी, भदैनी मिरर। काशी ने गुरूवार दो अक्टूबर को अपने महापुरूषों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को बड़ी शिद्दत से याद किया। आज इन दोनों महापुरूषों की जयंती है। कांग्रेसजनों, जिला और पुलिस प्रशासन के अलावा अन्य संगठनों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर भजन गाये और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


कांग्रेसजनों ने लहुरावीर स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता संग्राम के प्रसिद्ध सेनानी मसूरियादीन पासी की जयंती मनाई गई। साथ ही टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और मैदागिन पर पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरियादीन पासी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में इन महान विभूतियों के योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, गुलशन अली, राजू राम, रमजान अली, वकील अंसारी, असलम खां, अखिलेश पाण्डेय, उमेश चंद्र गोंड, अब्दुल हमीद डोडे,मनू वर्मा, नरसिंह दास वर्मा, विकास कौण्डिल्य, हिमांशु सिंह, आशुतोष पाण्डेय, यासीन, मनोज यादव, संतोष मौर्य, अरुण कुमार वर्मा, संजीव गोंड़, कैलाश पटेल, बृजेश कुमार, अमरेश पटेल, आशीष, विपिन पाल, शशि सोनकर, रामजी गुप्ता, प्रमोद यादव, नासिर, चंद्रिका, किशन, विकास आदि रहे।

सत्य और अहिंसा के दम पर गांधीजी ने ब्रिटिश सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर किया
इस दौरान कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कमिश्नर एस राजलिंगम और अधिकारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। दोनों महान विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के विषय में बताया गया। सभी ने गांधीजी की प्रिय भजन रामधुन का गायन कर श्रद्धा व्यक्त की। कमिश्नर ने कहा कि महात्मा गांधी ने विपरीत परिस्थितियों में राष्ट्रीय आंदोलन में अडिग रहते हुए सत्य और अहिंसा के माध्यम से ब्रिटिश सरकार को झुकने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने हमेशा सत्य और अहिंसा का रास्ता चुना और अपने निजी जीवन में भी उसे आत्मसात किया। कमिश्नर ने राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान के लिए दोनों विभूतियों को नमन किया। साथ ही सभी को उनसे सीख लेते हुए अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने की बात कही। इस मौके पर अपर आयुक्त, डिप्टी कमिश्नर फूड, सहायक निदेशक सूचना सुरेंद्र पाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश शर्मा, एडीआईओ एनआईसी कौशल शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी रहे।
कलेक्ट्रेट में गूंजा रघुपति राघव राजाराम
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ज़िलाधिकारी सत्येंद्र कुमार माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पूर्व प्रधानमंत्री नमन किया और अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत में गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजाराम की धुन को सभी ने एक स्वर में गाया। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधीजी ने अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व कर देश को आज़ादी दिलाई। इस राष्ट्रीय अवकाश पर हम सभी लोग उन्हें प्रार्थना, स्वच्छता अभियान और शांति, ईमानदारी और एकता पर उनकी शिक्षाओं को याद करते हैं। उनकी विरासत विश्व को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में प्रेरित करती रहती है। हमें उनकी सादगी और अहिंसा के सिद्धांत जीवन में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
लाल बहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री थे, जो अपनी सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने “जय जवान, जय किसान“ का नारा दिया था, जो देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित करता है। इस मौके पर एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा के अलावा अन्य अधिकारियों व स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एडीएम सीएस अमित भारती, एडीएम प्रोटोकॉल विनय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी रहे।
पुलिस कमिश्नर ने अधीनस्थों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
महापुरूषों की जयंती पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी व लाल बहादुर शास्त्रीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों व देश सेवा पर प्रकाश डाला। गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को “स्वच्छता की शपथ” दिलाई गई। साथ ही प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान कर वर्ष में 100 घंटे स्वच्छता संकल्प को निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री राजेश सिंह, पुलिस उपायुक्त लाइन/यातायात श्री प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन श्री वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन श्री ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी रहे ।
नगर आयुक्त और महापौर ने पार्षदों और नागरिकों को किया सम्मानित
उधर, नगर निगम परिसर में भी बापू और शास्त्रीजी की जयंती मनाई गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त् अक्षत वर्मा, भाजपा दल के उपनेता सुरेश कुमार चौरसिया सहित अन्य पार्षद, सभी अपर नगर आयुक्त और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्रीजी के चित्रों पर पुष्प अर्पित किया। इस दौरान पार्षद श्याम आसरे मौर्य एवं पूर्व उपसभापति ने दोनों महापुरूषों की जीवनी पर प्रकाश डाला। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने महात्मा गांधी की प्रेरणा से स्वच्छता ही सेवा के बारे में नगर निगम द्वारा किये गये कार्यो के बारे में बताया। जयन्ती के इस अवसर नगर निगम की ओर से पहली बार 10 वार्डों के पार्षदों को उनके वार्ड में अधिक राजस्व वसूली के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 10 नागरिकों को वालिटिंयर्स के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर ने कहाकि बनारस के लाल लाल बहादुर शास्त्री ने 1965 की लड़ाई में अदभुत नेतृत्व किया। जय जवान-जय किसान का नारा दिया। कहाकि हमे उसी प्रकार अमेरिका के टैरिफ के जवाब में स्वदेशीय अपनाना है। इस मौके पर महापौर ने जलकल विभाग के लिये 2.25 करोड़ की लागत से सीवर सफाई हेतु क्रय किये गये 2 सक्शन कम जेटिंग मशीन वाहन और 4 जेटिंग कम रोडिंग एंड गार्बिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया। अपर नगर आयुक्त संगम लाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

