वाराणसी पहुँची 'जस्टिस मोर्चा' की साइकिल यात्रा: शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस का समर्थन
कचहरी अंबेडकर प्रतिमा से काशी विद्यापीठ और BHU तक निकली यात्रा; कांग्रेस नेताओं ने किया जोरदार स्वागत, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग।
भदैनी मिरर (वाराणसी): प्रदेश में शिक्षा, रोजगार, समान अवसर और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर युवाओं द्वारा आयोजित 'जस्टिस मोर्चा' की साइकिल यात्रा शनिवार को वाराणसी पहुंची। कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर यह यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ होते हुए बीएचयू (BHU) मुख्य द्वार पर समाप्त हुई। वाराणसी पहुंचने पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने किया यात्रा का नेतृत्व और स्वागत
स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्रयागराज जोन के सह-प्रभारी वरुण चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने जस्टिस मोर्चा के सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उनके अभियान को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया।

युवाओं के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं: वरुण चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्तियों में देरी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने कहा, "शिक्षा और रोजगार सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जस्टिस मोर्चा की यह साइकिल यात्रा लोकतांत्रिक संघर्ष की मिसाल है और कांग्रेस पार्टी युवाओं के इस हक की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।"

खाली पदों को तुरंत भरे सरकार: कांग्रेस
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान में कहा कि जस्टिस मोर्चा द्वारा उठाया गया यह कदम पूरे प्रदेश के युवाओं की आवाज है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वीकृत रिक्त पदों पर जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से भर्ती की जाए और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मुहैया कराए जाएं।
जस्टिस मोर्चा के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता और रोजगार की गारंटी नहीं देती, तब तक यह जनजागरण अभियान और साइकिल यात्रा प्रदेश भर में जारी रहेगी।
