काशी में देश की पहली डिजिटल जनगणना का शंखनाद; विश्वनाथ मंदिर से हुआ हाउस लिस्टिंग का आगाज, ऐप से होगा सर्वे
40 लाख की आबादी के लिए 5800 प्रगणक तैनात, 14 चार्ज क्षेत्रों में बंटा वाराणसी जिला।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म और संस्कृति की नगरी काशी से देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण का औपचारिक आगाज हो चुका है। शुक्रवार को वाराणसी के प्रसिद्ध बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर से मकान सूचिकरण (हाउस लिस्टिंग) गणना की शुरुआत की गई। सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में प्रगणकों (एन्युमरेटर) ने इस डिजिटल महाअभियान को जमीन पर उतारा। अब प्रगणक शहर और जिले के प्रत्येक घर-घर जाकर मकानों और संपत्तियों का डिजिटल ब्यौरा जुटाएंगे।


पूरी तरह हाई-टेक होगी जनगणना, मोबाइल ऐप पर दर्ज होगा डेटा
इस बार की जनगणना को पूरी तरह से आधुनिक और हाई-टेक बनाया गया है। पूरी प्रक्रिया को कागजों के बजाय मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, ताकि डेटा की सटीकता, सुरक्षा और पारदर्शिता शत-प्रतिशत बनी रहे। प्रगणक विशेष ऐप के जरिए प्रत्येक मकान और उससे जुड़ी संपत्तियों के संबंध में 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब डिजिटल फॉर्मेट में मौके पर ही दर्ज कर रहे हैं।

14 क्षेत्रों में बंटा जिला, उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग शुरू
इस व्यापक अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे वाराणसी जिले को 14 चार्ज क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। इसमें जिले की तहसीलें, नगर निगम के सभी 8 जोन, नगर पंचायत, कैंटोनमेंट बोर्ड और बरेका (BLW) जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। यह महाअभियान आगामी 20 जून तक निरंतर चलेगा, जिसके तहत वाराणसी के हर एक घर को डिजिटल रूप से सूचीबद्ध कर लिया जाएगा।

40 लाख की आबादी के लिए अभेद्य तैयारी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले की 40 लाख से अधिक की आबादी की सटीक गणना के लिए 5800 प्रगणकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित कर फील्ड में उतारा गया है।
सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अपने आवंटित क्षेत्र में पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। गणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए सभी को ड्यूटी कार्ड, जनगणना किट और उनके संबंधित क्षेत्र के नक्शे (मैप्स) उपलब्ध कराए गए हैं। इस पूरे कार्य की उच्च स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
नगर आयुक्त की अपील: 'सही जानकारी देकर सहयोग करें नागरिक'
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने काशीवासियों से अपील की है कि जब भी प्रगणक और सुपरवाइजर उनके घर पहुंचें, तो उन्हें पूरी और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि "हमारी जनगणना-हमारा विकास, सही जनगणना-सशक्त भारत" के मूल मंत्र के साथ काशी को जनगणना-2027 में देश का अग्रणी जिला बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सभी नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
