पति निकला बेरोजगार: धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न में ससुराल पक्ष के 10 पर एफआईआर दर्ज, जानलेवा हमले का आरोप
झूठ बोलकर की शादी, फिर 4 लाख दहेज के लिए प्रताड़ना: पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
वाराणसी। दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र मोगलावीर की निवासिनी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, जान से मारने की कोशिश करने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार मिर्जामुराद के मोगलावीर निवासिनी पीड़िता चाँदनी राय का विवाह 24 मई 2021 को अमित राजभर (निवासी ढढोर कोईली, थाना राजातालाब) के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के समय पीड़िता के पिता ने अपनी क्षमतानुसार एक लाख रुपये नकद, कूलर, डबल बेड, बर्तन और सोने के आभूषण सहित भारी मात्रा में सामान उपहारस्वरूप दिया था। शादी के समय ससुराल वालों ने दावा किया था कि अमित हवाई जहाज चलाने (पायलट) का काम करता है। हालांकि, शादी के बाद जब चाँदनी ससुराल पहुँची, तो पता चला कि उसका पति घर पर ही रहता है और बेरोजगार है।
4 लाख रुपये के लिए प्रताड़ना और घर से निकाला
पूछताछ करने पर ससुराल वालों ने पति को विदेश/बाहर नौकरी भेजने के नाम पर मायके से 4 लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। असमर्थता जताने पर पीड़िता के साथ गाली-गलौज, मारपीट और खाना-पीना न देने जैसी मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। मई 2025 में पंचायत के बाद ससुराल वाले पीड़िता को वापस ले गए, लेकिन जुलाई 2025 में 4 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे दोबारा मायके छोड़ आए।
तहसील परिसर में बुलाया, फिर की मारपीट और दी हत्या की धमकी
मामले को सुलझाने के लिए 16 अगस्त 2026 को मिर्जामुराद के शम्मो माता मंदिर में एक पंचायत बुलाई गई, जहाँ पंचों ने निर्णय लिया कि ससुराल पक्ष शादी का सारा सामान और कुल 1,60,000 रुपये नकद/खर्च वापस करेगा। सामान वापसी का आश्वासन देकर जेठ अश्वनी ने पीड़िता और उसके परिवार को 26 अगस्त 2026 की सुबह 10 बजे राजातालाब तहसील बुलाया। जब चाँदनी अपने माता-पिता और भाई के साथ गाड़ी लेकर पहुँची, तो वहाँ पहले से मौजूद ससुराल पक्ष के 10-15 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके जेठ अश्वनी और नंदोई ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया। तहसील में मौजूद अन्य लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन जाते-जाते उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।
वही इस घटनाक्रम में पीड़िता की तहरीर के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रताड़ना व हमले के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। पीड़िता ने प्रशासन से अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
