काशी विद्यापीठ में हॉस्टल के 49 कमरे सील होने पर भारी हंगामा, छात्रों ने कुलपति और कुलसचिव को घेरा
आचार्य नरेंद्र देव और एलबीएस हॉस्टल में अवैध रूप से रह रहे बाहरी युवकों के कमरे सील; पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक
वाराणसी (भदैनी मिरर): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (MGKVP) में अवैध रूप से हॉस्टल के कमरों पर कब्जा जमाए बैठे छात्रों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के बाद बुधवार को परिसर में भारी हंगामा हुआ। हॉस्टल के कमरों को सील करने और उन्हें खाली कराने के विरोध में दर्जनों छात्र प्रशासनिक भवन पहुंच गए और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए छात्रों ने प्रशासनिक भवन के अंदर घुसकर कुलपति और कुलसचिव का घेराव किया, जिसके बाद करीब एक घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान स्थिति को संभालने आई पुलिस से भी छात्रों की तीखी नोकझोंक हुई।


आचार्य नरेंद्र देव और LBS हॉस्टल के 49 कमरों पर जड़ा ताला
यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत दो बड़े छात्रावासों पर कार्रवाई की गई। मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में:
-
आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल: 39 कमरों को अवैध पाते हुए सील किया गया।
-
लाल बहादुर शास्त्री (LBS) छात्रावास: 10 कमरों को सील किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन 49 कमरों में लंबे समय से अवैध और बाहरी छात्र रह रहे थे। जब जांच की गई तो पता चला कि कमरा जिस छात्र के नाम पर आवंटित था, वह मौके पर गायब मिला और उसकी जगह कोई बाहरी युवक रह रहा था। चर्चा यह भी है कि कुछ वैध छात्र ही अपने कमरों में बाहरी तत्वों को शरण दे रहे थे।

कुलपति की दो टूक— "वैध छात्र ही रहेंगे, अवैध किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं"
हंगामे के बीच कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय और मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बंद कमरे में बातचीत की। छात्रों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई, जो गलत है।

इस पर कुलपति प्रो. एके त्यागी ने सख्त रुख अपनाते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि हॉस्टल में केवल वैध छात्रों को ही रहने की अनुमति दी जाएगी। किसी भी अवैध छात्र को हॉस्टल में रहने की इजाजत नहीं मिलेगी। जो कमरे खाली कराए गए हैं, उन्हें जरूरतमंद और वैध छात्रों को आवंटित किया जाएगा।
30 जून तक खाली होंगे सभी हॉस्टल: मुख्य गृहपति
यूनिवर्सिटी में मचे बवाल के बाद मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि 30 जून तक सभी हॉस्टलों को पूरी तरह खाली करा लिया जाएगा। इसके बाद नए सिरे से केवल उन्हीं छात्रों को कमरा दिया जाएगा जो नियमों के तहत पूरी तरह वैध पाए जाएंगे। नियमों का पालन न करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
