वाराणसी: होटल में हैदराबाद के भाई-बहन ने की आत्महत्या, तीन दिन से बंद था कमरा
दरवाजा तोड़ने पर जमीन पर मिले युवक-युवती के शव; मौके से नशीली दवाओं की गोलियां बरामद
वाराणसी,भदैनी मिरर। सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी स्थित सिटी इन होटल में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे से भाई-बहन के शव बरामद किए गए। दोनों हैदराबाद से वाराणसी दर्शन के लिए आए थे। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब तीन दिन पहले होटल में ठहरे थे। लंबे समय तक कमरा नहीं खुलने पर होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिगरा थाना पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर वीडियोग्राफी के बीच दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला और पुरुष के शव जमीन पर पड़े मिले।


पुलिस द्वारा बरामद आधार कार्ड से दोनों की पहचान हैदराबाद निवासी भाई-बहन के रूप में हुई है। दोनों के आईडी कार्ड में पिता का नाम एक ही दर्ज है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

शव के पास मिले नशीली दवाओं के पत्ते
पुलिस को कमरे से नशीली दवाओं की गोलियां भी मिली हैं। एक शव के मुंह से झाग निकलता हुआ पाया गया, जिससे विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने बताया कि होटल से सूचना मिली थी कि कमरे में ठहरे दो गेस्ट तीन दिनों से दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया। प्रारंभिक जांच में दोनों भाई-बहन प्रतीत हो रहे हैं और प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।

आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
