वाराणसी में होगा 2500 होलिका दहन, पुलिस कमिश्नर बोले - ड्रोन व CCTV से होगी निगरानी
पिछले 10 साल में विवाद करने वालों को किया गया चिन्हित, होली शालीनता से मनाने की अपील
वाराणसी, भदैनी मिरर। होली पर्व को लेकर वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि शहर में लगभग 2500 स्थानों पर होलिका दहन होगा और होली के दिन कई जुलूस भी निकाले जाएंगे।
थाना और एसीपी स्तर पर बैठकें
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी आयोजकों के साथ थाना स्तर और एसीपी स्तर पर बैठकें की जा चुकी हैं। साथ ही जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है।


उन्होंने बताया कि जहां-जहां होलिका दहन होगा, वहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।
जुलूसों पर ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में पुलिस तैनाती
होली के दिन निकलने वाले सभी जुलूसों में ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए पूरे रूट की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में जिन लोगों ने किसी तरह का विवाद खड़ा किया था या अफवाह फैलाने में शामिल रहे थे, ऐसे सभी लोगों को पहले से चिन्हित कर पाबंद किया गया है। इन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
होली शालीनता से मनाने की अपील

कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग होली का त्योहार हंसी-खुशी और शालीनता के साथ मनाएं।
उन्होंने कहा कि किसी पर जबरदस्ती रंग न डाला जाए। यदि कोई व्यक्ति बीमार है या किसी अन्य धर्म का है और रंग खेलने से परहेज करता है, तो उसकी भावनाओं का सम्मान करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भदैनी मिरर आप तक वाराणसी की हर प्रशासनिक और त्योहार से जुड़ी बड़ी अपडेट पहुंचाता रहेगा।
