वाराणसी में 4 मार्च को ड्राई डे: होली पर बंद रहेंगी शराब और भांग की दुकानें
जिला आबकारी विभाग का आदेश; 5 मार्च से दोबारा खुलेंगी अंग्रेजी, देसी शराब, बीयर और भांग की दुकानें, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
वाराणसी। होली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने 4 मार्च को ड्राई डे घोषित किया है। इस दिन जनपद में अंग्रेजी शराब, देसी शराब, बीयर और भांग की सभी लाइसेंसी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। पर्व के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक दिन का ड्राई डे लागू किया गया है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि बंदी के दिन यदि किसी भी दुकान या व्यक्ति द्वारा शराब की बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी करेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, 5 मार्च से सभी मदिरा की दुकानें अपने निर्धारित समय पर पुनः खुल जाएंगी।

होली के दौरान अक्सर शराब की अवैध बिक्री और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन यह कदम उठाता है। पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और होली का त्योहार सौहार्द और शांति के साथ मनाएं।

