Movie prime
PMC_Hospital

काशी के 20 और चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सर्विलांस कैमरे, खर्च होंगे ₹3.07 करोड़; कमांड सेंटर से होगी 24 घंटे निगरानी

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी की मौजूदगी में हुआ समझौता; फरवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट, 300 चालकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण व प्रशिक्षण

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

 

भदैनी मिरर लोकल/सिविक डेस्क, वाराणसी। काशी में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को पुख्ता करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड (TKM) के बीच शुक्रवार को एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत होने वाली इस परियोजना पर कंपनी की ओर से 3.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

Ad

सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में आयोजित समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी तथा टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की उपस्थिति में एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।

ef

क्यों पड़ी जरूरत? 24 घंटे होगी लाइव मॉनिटरिंग

स्मार्ट सिटी और पुलिस यातायात विभाग के सर्वेक्षण के अनुसार, संकरी सड़कों और सालाना 7 से 9 करोड़ पर्यटकों के आवागमन के चलते शहर में यातायात का भारी दबाव रहता है। वर्ष 2025 में वाराणसी में लगभग 3,000 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि प्रतिदिन यातायात उल्लंघन के करीब 500 मामले सामने आते हैं।

पहले चिह्नित 98 संवेदनशील स्थलों में से 21 चौराहों पर आईटीएमएस/एटीसीएस (ITMS/ATCS) सिस्टम पहले से ही स्थापित हैं। अब पुलिस प्रशासन के सर्वे व अनुरोध के आधार पर शेष 20 प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा तंत्र विकसित किया जाएगा, जिनका स्थलीय निरीक्षण कंपनी और पुलिस की टीम मिलकर कर चुकी है।

इन 20 चौराहों के कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (OFN) के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां से 24 घंटे लाइव निगरानी होगी और किसी भी हादसे, जाम या आपात स्थिति की सूचना मिलते ही नजदीकी थाने को तत्काल अलर्ट भेजा जा सकेगा।

फरवरी 2027 तक पूरा होगा काम, नियमों के पालन में 30% सुधार का लक्ष्य

परियोजना की समयसीमा और संभावित प्रभाव इस प्रकार तय किए गए हैं:

  • कार्ययोजना: उपकरणों की स्थापना व कमिशनिंग इसी माह शुरू होगी, जबकि दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन के बाद फरवरी 2027 तक प्रोजेक्ट का हैंडओवर पूरा कर लिया जाएगा।

  • नियमों का पालन: हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन के पालन में 20 से 30 प्रतिशत बढ़ोतरी तथा सिग्नल जंपिंग व ओवरस्पीडिंग में 20 से 30 प्रतिशत कमी आने का अनुमान है।

  • उल्लंघन की पहचान: ऑटोमेटेड निगरानी प्रणाली से यातायात नियम तोड़ने वालों की पहचान में 50 प्रतिशत से अधिक इजाफा होने की उम्मीद है।

ef

300 चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और स्कूलों-अस्पतालों में भी सहयोग

इस पहल के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे सालाना करीब 3,000 से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। समारोह में टोयोटा द्वारा पूर्व में जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को दिए गए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और भदैनी, मलदहिया, रामनगर व टिकरी के सरकारी बालिका विद्यालयों में निर्मित शौचालयों जैसे सीएसआर कार्यों की भी सराहना की गई।

काशी कमांड सेंटर की तकनीकी व्यवस्था: एक नजर में

एमओयू से पूर्व नगर आयुक्त और टोयोटा प्रतिनिधिमंडल ने त्रिनेत्र भवन स्थित कमांड सेंटर का अवलोकन किया, जहां प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी:

  1. प्रणाली / उपकरण
  1. संख्या / विवरण
  1. मुख्य कार्य
  1. एडवांस सर्विलांस कैमरे
  1. 459 कैमरे (कमांड सेंटर में)
  1. शहर की सुरक्षा व गतिविधियों की निगरानी
  1. एएनपीआर कैमरे
  1. 132 कैमरे
  1. चालान प्रक्रिया व वाहन पहचान
  1. आरएलवीडी कैमरे
  1. 76 कैमरे
  1. रेड लाइट उल्लंघन की निगरानी
  1. पब्लिक एड्रेस सिस्टम
  1. 55 स्थान
  1. जनसूचना व यातायात मार्गदर्शन
  1. पर्यावरण निगरानी उपकरण
  1. 15 स्थान
  1. पर्यावरणीय स्थिति की मॉनिटरिंग
  1. इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड
  1. 13 स्थान
  1. नागरिकों व यात्रियों को सूचना प्रसारण

(नोट: त्रिनेत्र भवन में कुल 2,700 कैमरे लगे हैं, जिनमें काशी कमांड सेंटर के अंतर्गत 108 एएनपीआर और 2,169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं।)

समारोह में स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक (वित्त) संदीप तिवारी, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी तथा टोयोटा किर्लोस्कर मोटर से महाप्रबंधक (सीएसआर) रोशन आर, महाप्रबंधक (एसबीयू) सुखदीप ढींगरा, राजेंद्र गोयनका और राहुल गोयनका मौजूद रहे।