वाराणसी के चोलापुर थाने में 4 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा: भैंस चोरी के आरोपियों को छुड़ाने के लिए पुलिस वैन के पीछे दौड़ीं महिलाएं
ग्रामीणों का दावा- 'युवकों ने भैंस खरीदी थी, चोरी नहीं की'; पुलिस बोली- हमारे पास हैं पुख्ता सबूत, भारी पुलिस बल तैनात।
वाराणसी / भदैनी मिरर: वाराणसी के चोलापुर थाने में शनिवार को भैंस चोरी के आरोप में पकड़े गए तीन युवकों की गिरफ्तारी को लेकर करीब 4 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के दिग्गज नेताओं और 100 से अधिक ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए परिसर में ही धरना दे दिया।


तनाव की स्थिति तब और गंभीर हो गई जब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल टेस्ट और कोर्ट ले जाने के लिए बाहर लाई। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने पुलिस की गाड़ी (वैन) को चारों तरफ से ब्लॉक कर दिया। आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की कोशिश में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। हालात इतने बेकाबू थे कि पुलिस वैन के रवाना होने पर कई महिलाएं उसके पीछे दौड़ती हुई नजर आईं।

एसीपी सारनाथ और क्यूआरटी टीम ने संभाला मोर्चा
शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही थाने पर हंगामा बढ़ा, प्रशासन में खलबली मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी, चौबेपुर थाने की पुलिस फोर्स और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर बुलाई गई। कई घंटों की मशक्कत और कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस आरोपियों को वैन में बैठाकर मेडिकल के लिए रवाना कर सकी। एहतियात के तौर पर चोलापुर थाने में अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है।

'भैंस चोरी नहीं, खरीदी गई थी'– सुभासपा और ग्रामीणों का दावा
धरने की अगुवाई कर रहे सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद पांडेय ने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि:
"पुलिस असली अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है और निर्दोष लोगों को जबरन जेल भेज रही है। शुभम राजभर, रोशन शर्मा और फिरोज पूरी तरह बेकसूर हैं।"
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने तीनों युवकों को गलत तरीके से फंसाया है। उनका दावा है कि यह भैंस चोरी की नहीं है, बल्कि इसे विपिन यादव और कुलदीप सिंह नाम के व्यक्तियों से बकायदा खरीदा गया था, जिसके पुख्ता सबूत भी उनके पास मौजूद हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक तीनों को रिहा नहीं किया जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
पुलिस का दोटूक जवाब: साक्ष्य मजबूत, दो और की तलाश
दूसरी तरफ, चोलापुर थाना प्रभारी एस.आर. गौतम ने ग्रामीणों के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस के पास पर्याप्त और अकाट्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिसके आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने आगे बताया कि इस गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का दौर जारी था।
