Varanasi : आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मना गुरु पूर्णिमा उत्सव
वाराणसी, भदैनी मिरर। डोमरी (पड़ाव) स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय एवं बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल के संयुक्त प्रांगण में आज गुरु पूर्णिमा उत्सव अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुजनों और पूर्वजों के चित्र पर माल्यार्पण और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के संगीत शिक्षक हरेंद्र पाण्डेय ने भजन की मधुर प्रस्तुति दी, जिसमें दीपक मिश्र ने तबले पर संगत कर समा बांध दिया।


इस पावन अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट करते हुए विचार साझा किए। सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में महाविद्यालय और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

गुरु पूर्णिमा के इस कार्यक्रम ने न सिर्फ गुरु-शिष्य परंपरा को सजीव किया, बल्कि विद्यार्थियों में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना भी जागृत की।

