Ghazipur: एसडीएम कोर्ट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा; मौके पर DM को बुलाने की जिद पर अड़ा
Ghazipur High Voltage Drama: गाजीपुर में जमीन विवाद से परेशान युवक एसडीएम कोर्ट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ा, डीएम को बुलाने की जिद पर अड़ा
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से सोमवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और हाई-वोल्टेज ड्रामे की खबर सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के सदर तहसील स्थित एसडीएम कोर्ट (SDM Court) के पास एक युवक न्याय न मिलने से नाराज होकर अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर की ऊंचाई पर देख तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी, सदर एसडीएम और तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।


भू-माफियाओं के कब्जे से था परेशान, सुबह 9 बजे उठाया कदम
मिली जानकारी के अनुसार, मुगलानीचक का रहने वाला संदीप चौहान अपने भाई मंजीत चौहान और भाभी सावित्री चौहान के साथ सोमवार सुबह सदर तहसील आया था। भूमि विवाद के निस्तारण न होने और अधिकारियों के चक्कर काटकर परेशान संदीप सुबह करीब 9:00 बजे अचानक तहसील परिसर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ने लगा।

परिसर में मौजूद लोगों ने जब उसे टावर की ऊंचाई पर देखा तो शोर मचाना शुरू किया। देखते ही देखते प्रशासनिक अमला और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
तमाम आलाधिकारी करते रहे मान-मनौव्वल, नहीं माना युवक
टावर के नीचे खड़े होकर एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा, सदर एसडीएम और तहसीलदार लाउडस्पीकर और हाथों के इशारे से युवक को लगातार समझाने और नीचे उतरने की अपील करते रहे। अधिकारियों ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।

हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। वह लगातार अपनी जिद पर अड़ा रहा कि जब तक जिले के जिलाधिकारी (DM) अनुपम शुक्ला खुद मौके पर नहीं आते, वह नीचे नहीं उतरेगा।
"शासन से प्रशासन तक दौड़े, पर नहीं मिला न्याय" — पीड़ित परिवार
टावर के नीचे मौजूद संदीप के भाई मंजीत चौहान ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। मंजीत ने आरोप लगाया कि मुगलानीचक स्थित उनकी पैतृक भूमि पर भू-माफियाओं ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। पीड़ित भाई ने कहा:
"हम इस जमीन के विवाद को लेकर लखनऊ शासन से लेकर जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं। हर जगह सिर्फ आश्वासन मिला, लेकिन जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटा। थक-हारकर मेरे भाई को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।"
पुलिस का बयान: सुरक्षित उतारने का प्रयास जारी
मौके पर मुस्तैद एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि युवक मानसिक रूप से काफी परेशान है और अपनी जमीन के मामले को लेकर टावर पर चढ़ा है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम बेहद संवेदनशीलता के साथ युवक को समझा-बुझाकर और विश्वास में लेकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
