छठ और देव दीपावली से पहले साफ होंगे वाराणसी के घाट, हर घाट पर तैनात होंगे 10 कर्मचारी, 150 पंप मशीनें लगाने के निर्देश
प्रमुख सचिव ने किया घाटों का निरीक्षण और व्यवस्था की समीक्षा
वाराणसी,भदैनी मिरर। आगामी डाला छठ और देव दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों को ध्यान में रखते हुए नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में घाटों की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।


प्रमुख सचिव ने कहा कि घाटों पर जमी सिल्ट (गाद) की सफाई तेज गति से पूरी की जाए। इसके लिए पहले से लगाए गए 73 पंप की संख्या बढ़ाकर 150 पंप मशीनें लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हर घाट पर 10 कर्मचारियों की गैंग बनाकर सफाई कार्य करने को कहा गया। उन्होंने यह भी कहा कि घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटें) लगाई जाएं ताकि रात में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने नमो घाट, सामने घाट और वरुणाघाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि जहां कहीं भी ऊबड़-खाबड़ सतह है, उसे रात में ही समतल कराया जाए और जहां घास है, उसे तुरंत साफ किया जाए। उन्होंने जल निगम को निर्देश दिया कि किसी घाट पर सीवर जाम की समस्या न हो, इसके लिए आज ही जांच पूरी की जाए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर रस्सी बैरिकेडिंग और “आगे गहरा पानी है” चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख सचिव ने कहा कि घाटों पर पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात किए जाएं और कूड़ा उठाने की व्यवस्था त्वरित गति से की जाए।
बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी, आयुक्त एस. राज लिंगम, वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ने सभी अधिकारियों को चेताया कि कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
