Movie prime
PMC_Hospital

22 दिन में ही खत्म हुआ गैस सिलेंडर, तौलने पर निकला 3.1 किलो का अंतर

 एक्स पर शिकायत वायरल होने के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने दिया जांच का आश्वासन

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर लोकल/कंज्यूमर डेस्क, वाराणसी। वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के वजन और खपत को लेकर एक उपभोक्ता द्वारा गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। स्थानीय निवासी संदीप सिंह का आरोप है कि सामान्यतः एक महीने तक चलने वाला गैस सिलेंडर उनके घर में महज 22 दिन में ही खत्म हो गया। सिलेंडर खाली होने के बाद जब उन्होंने उसे कांटे पर तौला, तो वजन में भारी अंतर देखकर वे हैरान रह गए।

Ad

15.4 किलो के टेयर वेट के मुकाबले 18.5 किलो निकला वजन

उपभोक्ता संदीप सिंह के अनुसार, सिलेंडर पर अंकित टेयर वेट (Tare Weight यानी खाली सिलेंडर का निर्धारित वजन) 15.4 किलोग्राम दर्ज था, लेकिन तौलने पर खाली सिलेंडर का वजन 18.5 किलोग्राम पाया गया। इस तरह दोनों वजन में 3.1 किलोग्राम का सीधा अंतर सामने आया।

संदीप ने आशंका जताई है कि या तो सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से कम गैस भरी जा रही है, अथवा सिलेंडर के वजन और रिफिलिंग प्रक्रिया में किसी तरह की हेराफेरी हो रही है।

स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग, एक्स पर वायरल हुई शिकायत

इस पूरे मामले को लेकर संदीप सिंह ने सिलेंडर और रिफिलिंग व्यवस्था की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई।

मामले का संज्ञान लेते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से प्रकरण की जांच का आश्वासन दिया गया है। अब स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं की नजरें जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।