Movie prime
PMC_Hospital

एक-दो महीने में पूरे होंगे गंजारी स्टेडियम, रोपवे और रिंग रोड के काम, जल्द होगा लोकार्पण; नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने संभाला चार्ज

काशी की विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार; इस बार देव दीपावली पर बढ़ेंगे दीप, लेजर और ड्रोन शो भी होंगे आकर्षण; 28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर ब्यूरो, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कार्यभार संभालने के साथ ही शहर के विकास कार्यों को रफ्तार देने की अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि काशी में चल रही सभी महत्वपूर्ण और लंबित विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराकर जल्द उनका लोकार्पण कराया जाएगा। इसमें गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, शहरी रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को अगले एक से दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

Ad

पूर्वांचल की राजधानी के रूप में उभर रही काशी

मंडलायुक्त ने कहा कि बनारस आज पूर्वांचल की राजधानी के रूप में तेजी से उभर रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को विश्वस्तरीय बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था, गंगा घाटों की स्वच्छता, सुगम यातायात (आवागमन), स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

देव दीपावली पर दिखेगा भव्य स्वरूप: लेजर और ड्रोन शो होंगे आकर्षण

आगामी देव दीपावली की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने बताया कि इस बार का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य होगा:

  • दीपों की संख्या में बढ़ोतरी: गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर इस बार पहले के मुकाबले कहीं अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

  • आधुनिक तकनीक का संगम: परंपरा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के रूप में भव्य लेजर शो और ड्रोन शो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

  • वीआईपी आगमन व यातायात व्यवस्था: देव दीपावली पर केंद्र सरकार के एक बड़े वीआईपी सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों और अतिथियों के आने की संभावना है। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

28 नवंबर से काशी तमिल संगमम: 'तिरुक्कुरल' होगी मुख्य थीम

काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती देने वाले 'काशी तमिल संगमम' के पांचवें संस्करण का आयोजन आगामी 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। मंडलायुक्त ने जानकारी दी कि इस बार आयोजन की मुख्य थीम तमिल के प्राचीन और कालजयी ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' (Thirukkural) पर आधारित होगी।

उन्होंने कहा कि करीब दो हजार वर्ष पुराने इस महान ग्रंथ की जीवन उपयोगी विचारधारा और साहित्यिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पिछले चार संस्करणों की तुलना में इस बार के आयोजन में कई नए प्रयोग और नवाचार भी देखने को मिलेंगे।