वाराणसी में कफ सिरप तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: गैंग लीडर लोकेश अग्रवाल समेत 10 पर लगा गैंगस्टर एक्ट
सारनाथ पुलिस ने कसी कमर; प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर तक फैले संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़, दर्जनों आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): प्रतिबंधित और नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाले कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के दिशा-निर्देशन और वरुणा जोन के अधिकारियों के नेतृत्व में सारनाथ पुलिस ने कफ सिरप तस्करी करने वाले संगठित अंतरजनपदीय गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट (उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986) के तहत शिकंजा कसा है।


पुलिस ने महमूरगंज निवासी मुख्य सरगना (गैंग लीडर) लोकेश अग्रवाल सहित गिरोह के कुल 10 सक्रिय सदस्यों के खिलाफ मु0अ0सं0 351/2026 धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शानो-शौकत और भोग-विलास में उड़ता था अवैध धन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गैंग लीडर लोकेश अग्रवाल अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर एक बेहद शातिर और संगठित गिरोह चला रहा था। यह गैंग बनारस और आसपास के जिलों में भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी और भंडारण कर अवैध रूप से मोटा आर्थिक व भौतिक लाभ अर्जित कर रहा था। इस धंधे से होने वाली काली कमाई को गिरोह के सदस्य अपनी हाई-फाई शानो-शौकत, ऐशो-आराम और भोग-विलास की चीजों में पानी की तरह बहाते थे।

इन 10 शातिर अपराधियों पर दर्ज हुआ गैंगस्टर का मुकदमा
सारनाथ पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत नामजद किए गए आरोपियों में वाराणसी के अलावा प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर के बड़े सप्लायर शामिल हैं। देखें पूरी सूची:
-
लोकेश अग्रवाल (गैंग लीडर) - उम्र 32 वर्ष, निवासी- महमूरगंज, थाना सिगरा, वाराणसी।
-
विष्णू कुमार पाण्डेय - उम्र 27 वर्ष, निवासी- तिसरिया परशुराम, थाना सारनाथ, वाराणसी।
-
प्रतीक कुमार - उम्र 53 वर्ष, निवासी- स्टेट बैंक कालोनी पाण्डेयपुर, थाना लालपुर, वाराणसी।
-
सुरेशचन्द्र गुप्ता - उम्र 55 वर्ष, निवासी- प्रीतम नगर, थाना धूमनगंज, प्रयागराज।
-
फैजुर रहमान - उम्र 43 वर्ष, निवासी- आशियाना आजाद नगर, थाना करेली, प्रयागराज।
-
विनोद अग्रवाल - उम्र 58 वर्ष, निवासी- पटकापुर नगर, थाना फीलखाना, कानपुर।
-
सत्येन्द्र कुमार साहू - उम्र 48 वर्ष, निवासी- मालवीय नगर, थाना मुठ्ठीगंज, प्रयागराज।
-
मो0 सैफ - उम्र 45 वर्ष, निवासी- शाहगंज, थाना शाहगंज, प्रयागराज।
-
आकाश पाठक - उम्र 37 वर्ष, निवासी- सिद्धमाता गली गोलघर, थाना कोतवाली, वाराणसी।
-
मनीष कुमार सिंह - निवासी- न्यू कालोनी सिघडिया, खोराबार, गोरखपुर।
पूर्वांचल और मध्य यूपी के कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस गैंग का नेटवर्क बेहद मजबूत था। इन अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी वाराणसी के सारनाथ, कोतवाली, रोहनिया और अन्य जिलों के थानों में एनडीपीएस (NDPS Act) और बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के मुख्य सदस्यों पर पहले भी पुलिस प्रशासन द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन जेल से छूटने के बाद ये दोबारा इसी अवैध धंधे में सक्रिय हो जाते थे।

चार्जशीट के बाद अब संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
थाना प्रभारी सारनाथ ने बताया कि इससे पहले दर्ज मूल मुकदमे में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दी थी। अब पुलिस आयुक्त के अंतिम अनुमोदन के बाद इन पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस इस गिरोह द्वारा अवैध रूप से कमाई गई चल-अचल संपत्तियों को भी कुर्क (जब्त) करने की बड़ी कार्रवाई अमल में ला सकती है।
