वाराणसी में गंगा के बीच इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल, अवशेष फेंकने पर 14 युवक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, गंगा में प्रदूषण और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप; वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी करने और कथित तौर पर खाने के अवशेष नदी में फेंकने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी पुलिस ने इस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक गंगा के बीच नाव पर बैठकर इफ्तार करते नजर आ रहे थे। आरोप है कि इफ्तार के दौरान उन्होंने चिकन बिरयानी खाने के बाद उसके अवशेष गंगा में फेंक दिए, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध हुआ और शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।


इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
कोतवाली थाना में दर्ज मुकदमे के अनुसार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम 1974 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि वायरल वीडियो में शामिल युवक गायघाट क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पहचान के आधार पर सभी 14 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुछ आरोपी आक्रामक हो गए थे, जिसके चलते शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा।
गायघाट से हुई गिरफ्तारी
सभी आरोपियों को गायघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला सिर्फ गंगा प्रदूषण का ही नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास से भी जुड़ा हुआ है।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की लगातार निगरानी की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
