BHU उपकुलसचिव ए. वेलू के खिलाफ FIR दर्ज, उत्पीड़न और अवैध संबंध के आरोपों पर पुलिस जांच शुरू
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अधिकारी पर लगे गंभीर आरोप; विश्वविद्यालय में चर्चा जोरो पर, निलंबन की उठी मांग
वाराणसी, भदैनी मिरर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के प्रशासनिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव (शिक्षण) ए. वेलू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता, उनकी पत्नी एस. आर. मेनागा ने ए. वेलू पर अवैध संबंध, लगातार मानसिक उत्पीड़न और भावनात्मक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, फोन कॉल, व्हाट्सएप संदेशों और अन्य संचार माध्यमों से उत्पन्न विवाद के कारण पीड़िता को भारी मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले से संबंधित फोन कॉल विवरण (CDR) और व्हाट्सएप संदेशों जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए।

उप निरीक्षक बिन्नी रानी गोंड को सौंपी गई जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रकरण की आधिकारिक जांच उप निरीक्षक बिन्नी रानी गोंड (SI Binny Rani Gond) को सौंपी गई है। जांच अधिकारी द्वारा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ उपलब्ध तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


विश्वविद्यालय में निलंबन की उठी मांग
BHU जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के एक उच्च प्रशासनिक अधिकारी का नाम पुलिस जांच में आने से यह मामला विश्वविद्यालय परिसर और शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद की स्थितियां उत्पन्न हुई थीं, जिसकी शिकायत पूर्व में IMS निदेशक से भी की जा चुकी है।
ए. वेलू के पूर्व में भी विवादित रहने का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच और विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग उठ रही है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच के निष्कर्षों और विश्वविद्यालय प्रशासन के रुख पर टिकी हैं।
