
फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के पुतले को पहले मारे जूते, चप्पल और फिर लगाई आग
कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा




त्याग, तपस्या और बलिदान है ब्राह्मणों का आभूषण
वाराणसी, भदैनी मिरर। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मणों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। ऐसे में शनिवार को जिला मुख्यालय पर अनुराग के खिलाफ वकीलों का गुस्सा फूटा। वकीलों अनुराग कश्यप से इतने खफा थे कि उन्होंने पहले पुतले को जूतों, चप्पलों से पीटा और फिर पुतले में आग लगाई। इस दौरान वक्ताओं ने कहाकि अनुराग अपने फिल्म प्रमोशन के लिए नीच हरकतें कर रहा है। पैसे के लिए वह किसी भी हद तक जा सकता है। यह उसकी मानसिकता है।

वकीलों ने कहाकि ब्राह्मण सिर्फ जाति नही विचार है। यह बात अनुराग जैसे लोगों को पता होना चाहिए। त्याग, तपस्या और बलिदान ब्राह्मणों का आभूषण हैं। ब्राह्मण ने सदैव देश और समाज के हित को ध्यान में रखकर कार्य किया है। अनुराग ने ब्राह्णों पर अपमानजनक टिप्पणी करके बहुत बड़ा पाप किया है। यदि वह माफी नही मांगता तो अधिवक्ता कोर्ट में उसके खिलाफ मुकदमा दाखिल करेंगे।


अम्बेडकर को उनके ब्राह्ण गुरू ने दी है टाइटिल
अधिवक्ता आलोक सौरभ व साथियों ने कहाकि इस देश में फूट डालो, राज करो की नीति नही चलेगी। अंग्रेजों का हथियार अब बेअसर हो चुका है। अनुराग पहले से ही विवादित रहा है और टीआरपी के लिए ओछी हरकतें करता रहता है। भारत में वर्ग और जाति का मामला नही है। देश का नागरिक जागरूक हो चुका है। उन्होंने कहाकि कोई भी फिल्म निर्माता अपने फिल्म प्रमोशन के लिए किसी जाति का अपमान नही कर सकते। अनुराग जैसे लोगों को शर्म आनी चाहिए भीमराव अम्बेडकर को उनके गुरू ने अपनी जाति दी। महाराष्ट्र में अम्बेडकर ब्राह्मण बोले जाते हैं। संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर को उनके गुरू केशवराम अम्बेडकर ने अपनी जाति दी। इससे पहले डा. भीमराव सतपाल लिखा करते थे। आज भी वह अपने गुरू की टाइटिल से ही जाने जाते हैं। ब्राह्मणों की उदारता की कहानियों से इतिहास भरा पड़ा है। ऐसे में तुच्छ मानिसिकता के लोग ब्राह्ण को टारगेट करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हमारे समाज के साथ हमारे महापुरूषों का भी अपमान है। इस दौरान अधिवक्ताओं ने ‘अनुराग कश्यप मुर्दाबाद‘ के नारे लगाये।

हेट स्पीच के खिलाफ दर्ज है मुम्बई में शिकायत
आपको बता दें कि बॉलीवुड के फिल्म मेकर अनुराग कश्यप ने हाल ही में ब्राह्मण समुदाय को टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद गहराता जा रहा है। अनुराग कश्यप के खिलाफ ब्राह्मण समुदाय पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुंबई पुलिस कमिश्नर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। अनुराग की विवादास्पद ब्राह्मण हेट स्पीच के खिलाफ मुंबई पुलिस कमिशर के समक्ष बॉम्बे हाई कोर्ट के एडवोकेट आशीष राय और पंकज मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है।
फिल्म ‘फुले‘ से जुड़ा है विवाद
दरअसल, पूरा मामला अनुराग कश्यप की आने वाली फिल्म ’फुले’ से भी जुड़ी है। यह फिल्म जाति और लैंगिक भेदभाव पर आधारित है। पहले यह फिल्म 11 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। लेकिन कुछ संगठनों ने इसके खिलाफ आपत्ति जताई, जिसके बाद इसकी रिलीज टाल दिया गया। अब यह फिल्म 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव सुझाए, जिन्हें कश्यप ने मान लिया है, लेकिन उसको लेकर तंज भी कसते नजर आए। इसके बाद ब्राह्मणों पर पेशाब करने सम्बंधी बयान देकर वह फिर विवादों में घिर गये हैं।

