Eid-ul-Fitr 2025 : देशभर में हुआ चांद का दीदार, कल मनाई जाएगी ईद



वाराणसी। मुबारक महीना रमजान के 30 रोजे रविवार को पूरे हो गए। सोमवार को ईद मनाई जाएगी। इफ्तार के बाद लोगों ने ईद का चांद देखा तो चारों तरफ खुशियां छा गई। देर शाम ईद का चांद का दीदार होते ही शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में खुशियों का ज्वार उमड़ पड़ा। घरों से बाजारों तक जश्न का जोश छा गया। लोगों ने शहर से लोहता तक जमकर आतिशबाजी की और जश्न-ए-त्योहार का इजहार किया। मुबारकबाद के साथ घर-आंगन में पकवानों की गमक तेज हो गई। चांदरात पर पटाखे फोड़, आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों में ईद का उल्लास दिखने लगा। कपड़े, जूते, खान-पान की वस्तुओं और अन्य सामानों की दुकानों पर भारी भीड़ रही।

दालमंडी, तेलियाबाग, बजरडीहा, पीलीकोठी, ककरमत्ता, बड़ी बाजार, आदमपुरा, मदनपुरा, लोहता, सरैया आदि इलाकों में देर तक पटाखों की आवाजें गूंजती रहीं। चांद का दीदार होते ही घरों में सेवइयां व अन्य पकवान बनने लगे थे। लोग एक-दूसरे को ईद की बधाई दे रहे थे। सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में था। शहर की सभी बड़ी छोटी मस्जिदों और ईदगाह में नमाज की खास तैयारी पूरी हो गई। काशी विद्यापीठ और पुलकोहना ईदगाह में ज्यादा भीड़ की संभावना पर टेंट की व्यवस्था की गई। कई मस्जिदों में ईद की नमाज के बाद खजूर और सेवईं का इंतजाम भी किया गया है।

सोशल मीडिया पर मुबारकबाद का संदेश
चांद रात पर ही सोशल मीडिया पर ‘ईद मुबारक’ के संदेशों की भरमार हो गई। ईद की खुशियों से जुड़े मैसेज, फोटो, वीडियो शेयर किए जाने लगे। मोबाइल के स्टेटस बदल दिये गए। इनमें युवक-युवतियां ज्यादा सक्रिय रहीं।
चांद रात पर चमका बाजार

चांद रात को लोगों ने जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने कपड़े, साज-शृंगार, जूतियां, फैशनेबल सैंडल व बैग आदि की खरीदारी की। बच्चों में विशेष उत्साह दिखा। वहीं युवाओं में रेडिमेड कपड़ों का क्रेज दिखा। दालमंडी, पीलीकोठी, लोहता के बाजार करीब पूरी रात खुले रहे। बेनिया की सड़क खरीदारों से जाम रही। बाजार में रविवार को लच्छा सेंवई की कमी हो गई। भदऊ चुंगी, बजरडीहा, कोनिया में लच्छा सेंवई नहीं मिल रही थी।
बा-जमात नमाज पढ़ेंगी ख्वातीन
ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए देर रात तक तैयारी चलती रही। रात में ही पुलकोहना ईदगाह में जानिमाज बिछा दिए थे। वहीं लोहता में महिलाएं बाजमात ईद की नमाज पढ़ेंगी।

