कफ सिरप किंगपिन शुभम जायसवाल की संपत्तियों पर ED का शिकंजा, वाराणसी में दो घरों पर नोटिस चस्पा
दुबई फरार शुभम की मां-बेहनों से पूछताछ, फफक कर रोईं; कमिश्नरेट पुलिस भी भगोड़ा घोषित कराने और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी में
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कफ सिरप के सबसे बड़े अवैध कारोबार की जांच में लगी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम बुधवार को वाराणसी पहुंची। कफ सिरप तस्करी के किंगपिन माने जा रहे शुभम जायसवाल की संपत्तियों और अवैध कमाई का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय ED टीम ने दो ठिकानों पर नोटिस चस्पा किया।



पहली टीम प्रहलाद घाट स्थित शुभम के मकान पर पहुंची, जहां घर बंद होने के कारण ED ने बाहर नोटिस चस्पा कर कार्रवाई पूरी की। इसके बाद टीम सिगरा स्थित दुर्गा निवास आवास पर पहुंची, जहां शुभम की मां और बहन मौजूद मिलीं। यहाँ कागजी कार्रवाई करते हुए ED टीम ने नोटिस की प्रति उन्हें रिसीव करवाई।

मां-बेटी से पूछताछ के दौरान फफककर रोईं शुभम की मां
ED टीम के सिगरा स्थित आवास पहुंचते ही शुभम जायसवाल की मां भावुक होकर रोने लगीं। टीम ने उन्हें शांत कर आवास के बरामदे में बैठाया और औपचारिक कार्यवाही पूरी की।
नोटिस प्राप्त होते ही परिवार ने मीडिया से दूरी बना ली। घर के अंदर शुभम की मां, बहन और तीन-चार अन्य लोग मौजूद थे।

मीडिया को देखकर भड़की मां- बोलीं "मेरा बेटा बेगुनाह है…"
ED टीम के आने से पहले ही मीडिया घर के बाहर मौजूद था। जैसे ही कैमरे आगे बढ़े, शुभम की मां नाराज हो गईं और गेट के अंदर से मीडिया को फटकार लगाते हुए बोलीं-
“मेरा बेटा बेगुनाह है… उसे फंसाया जा रहा है…”
वहीं शुभम की बहन लगातार उन्हें चुप कराने की कोशिश करती दिखीं।
ED की जांच 2000 करोड़ रुपये से अधिक के कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री और उससे अर्जित संपत्तियों पर केंद्रित है।
शुभम जायसवाल दुबई फरार, पिता भोला की गिरफ्तारी हो चुकी
कफ सिरप तस्करी मामले में सरगना शुभम जायसवाल लंबे समय से दुबई में फरार है। वहीं उसका पिता भोला प्रसाद जायसवाल हाल ही में सोनभद्र पुलिस द्वारा कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था।
भोला भी विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि शुभम अभी दुबई में छिपा है।
शुभम को भगोड़ा घोषित कराने और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस शुभम को भगोड़ा घोषित कराने की प्रक्रिया तेज कर चुकी है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार- कोर्ट में भगोड़ा घोषित कराने का आवेदन दाखिल हो चुका है। रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है। दुबई से प्रत्यर्पण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। पुलिस और SIT की पांच टीमें उसकी गिरफ्तारी पर काम कर रही हैं।
शुभम शैली ट्रेडर्स का कर्ता-धर्ता है और 100 करोड़ से अधिक की अवैध कमाई का आरोपी है।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले
शुभम के खिलाफ निम्न जिलों में गंभीर प्राथमिकी दर्ज है—
- सोनभद्र
- जौनपुर
- वाराणसी
- गाज़ियाबाद
- चंदौली
- और अन्य जिले
ED और पुलिस दोनों स्तर पर लगातार कार्रवाई तेज की जा रही है।
