Movie prime
PMC_Hospital

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं; वाराणसी के पांडेयपुर में साड़ी शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

अपनी मेहनत की कमाई को आंखों के सामने राख में तब्दील देख फफक-फफक कर रो पड़े व्यापारी, क्षेत्र में फैली सनसनी।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के पांडेयपुर चौराहे पर दिवाली की खुशियां अचानक मातम में तब्दील हो गईं। चौराहे पर स्थित एक प्रतिष्ठित साड़ी शोरूम में बीती रात भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में शोरूम के भीतर रखी लाखों रुपये मूल्य की साड़ियां और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

Ad
Ad

रात में बांटी थी मिठाई, सुबह मिला राख का ढेर

मिली जानकारी के मुताबिक, शोरूम स्वामी मुन्ना जायसवाल ने दिवाली की रात पूरे विधि-विधान के साथ दुकान में पूजा-पाठ किया था। त्योहार की खुशी में उन्होंने अपने सभी कर्मचारियों को मिठाइयां बांटीं, दुकान में दीये जलाए और उसके बाद शोरूम बंद करके अपने घर चले गए।

लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अगली सुबह जब कारोबारी मुन्ना जायसवाल दुकान खोलने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रात में जिस दुकान में रोशनी बिखरी हुई थी, सुबह वहां सिर्फ धुंआ और राख का ढेर बचा था।

आंखों के सामने तबाही देख फफक कर रो पड़े कारोबारी

अपनी वर्षों की कड़ी मेहनत से खड़ी की गई गाढ़ी कमाई को कुछ ही पलों में राख के ढेर में तब्दील देखकर व्यापारी मुन्ना जायसवाल अपने आंसू नहीं रोक पाए और मौके पर ही फफक-फफक कर रो पड़े।

शोरूम से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

आग के कारणों की जांच जारी

स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम के अंदर रखा लाखों रुपये का माल पूरी तरह खाक हो चुका था।

शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या फिर दीये की चिंगारी को माना जा रहा है। फिलहाल, पांडेयपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई है।