वाराणसी जिला अस्पताल में युवती की मौत प्रकरण में डॉक्टर और स्टाफ नर्स को नोटिस, कमेटी ने शुरू की जांच
सीएमएस डॉ. आर.एस. राम ने मांगा स्पष्टीकरण, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे; हंगामे के बाद प्रशासन सख्त
Mar 3, 2026, 21:44 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी, भदैनी मिरर। पांडेयपुर स्थित Pandit Deen Dayal Upadhyay District Hospital में 22 वर्षीय युवती की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित डॉक्टर और स्टाफ नर्स को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।


मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आर.एस. राम ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चिकित्सक और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स से जवाब तलब किया गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई थी। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था।

सीएमएस के अनुसार, अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के क्रम को स्पष्ट किया जा सके। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसने अपनी जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

भदैनी मिरर ने पूर्व में प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में भी घटना और परिजनों के हंगामे की जानकारी दी थी। अब प्रशासनिक स्तर पर उठाए गए कदमों के बाद पूरे मामले पर सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
