दिनेश दत्त झा और लक्ष्मीकांत झा के व्यक्तित्व व हिंदी के प्रति योगदान पर विचार गोष्ठी, वक्ताओं ने साझा किए संस्मरण
दैनिक 'आज' में पत्रकारिता से लेकर अमेरिका में राजदूत रहते हिंदी के संवर्धन तक के प्रेरक प्रसंगों पर हुई चर्चा
भदैनी मिरर, वाराणसी। वरिष्ठ पत्रकारिता, साहित्यिक परंपरा और हिंदी भाषा के प्रति समर्पण को याद करते हुए आयोजित समारोह में वक्ताओं ने दिनेश दत्त झा और लक्ष्मीकांत झा के व्यक्तित्व व कृतित्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी की प्रकृति अंग्रेजी से भिन्न है, इसलिए इसकी प्रकृति की रक्षा आवश्यक है और युवा पीढ़ी को ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

प्रो. अनुराग दवे ने याद किए दिनेश दत्त झा के संस्मरण
समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रो. अनुराग दवे ने कहा कि दिनेश दत्त झा विलक्षण प्रतिभा के धनी थे और प्रारंभिक पढ़ाई से लेकर आगे तक शीर्ष स्थान पर रहे। उन्होंने प्रधानाध्यापक का पद छोड़कर 1940 में दैनिक 'आज' के संपादकीय विभाग में रिपोर्टर, डाक संपादक और प्रबंध संपादक के रूप में कार्य किया तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में नियमित लेखन भी किया।
प्रो. दवे ने बताया कि विद्वानों का सम्मान करने के कारण उनके आवास पर साहित्यकारों व पत्रकारों का जमावड़ा लगा रहता था। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रभावित होकर तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू भी कमला नेहरू के साथ रसिक मंडल की बैठक के दौरान उनके आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज के युवा पत्रकारों को उनके जीवन से सीख लेने की आवश्यकता है।
लक्ष्मीकांत झा का हिंदी के प्रति लगाव और वैश्विक योगदान
समारोह के सारस्वत अतिथि सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद लक्ष्मीकांत झा का हिंदी से जुड़ाव सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि 1970 से 1973 तक अमेरिका में भारत के राजदूत रहते हुए भी वे दूतावास में अधीनस्थों से हिंदी में ही संवाद करते थे।
उन्होंने उल्लेख किया कि लक्ष्मीकांत झा 1957-1958 में अंतरराष्ट्रीय संस्था 'जनरल एग्रीमेंट ऑन टैरिफ्स एंड ट्रेड' (GATT) के प्रथम चेयरमैन रहे और 1986 में राज्यसभा सदस्य रहते हुए भी उन्होंने संसद में हिंदी की बात प्रमुखता से रखी।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संयोजन व संचालन अधिवक्ता गौतम कुमार ने किया, विषय स्थापना नटवर झा ने रखी, स्वागत संस्था के परेश दत्त झा ने किया और आभार/धन्यवाद अधिवक्ता निरसन कुमार झा ने ज्ञापित किया। आयोजन में राजेन्द्र त्रिवेदी, राजेश प्रसाद सिंह, नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता, नीरज कुमार सिंह, सीतारमण दत्त, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, एनके राय और बृजेश पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
