वाराणसी पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, बोले-कफ सिरप कांड में कोई भी दोषी नहीं बचेगा, विपक्ष पर बोला हमला
डिप्टी सीएम ने कहा- सरकार की नीति स्पष्ट, कानून तोड़ने वालों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई; अखिलेश और कांग्रेस पर साधा निशाना
वाराणसी। प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मंगलवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने नशीले कफ सिरप कांड में शामिल आरोपियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस प्रकरण में किसी भी दोषी को छोड़ने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कई स्तरों पर तेजी से जारी है और जिन–जिन लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, उनके खिलाफ बिना देरी कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति एकदम स्पष्ट है-जो भी कानून तोड़ेगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानूनी प्रावधानों के तहत दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नशीली दवाओं से जुड़े अपराध न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करते हैं, बल्कि आम लोगों के जीवन को गंभीर खतरे में डालते हैं। इसलिए सरकार इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
विपक्ष पर बोला हमला
डिप्टी सीएम ने विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौर में कानून-व्यवस्था की हालत किस स्तर पर थी, यह किसी से छिपा नहीं है। उन दिनों प्रदेश में अपराध और गुंडागर्दी चरम पर थी और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।

कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हताशा और भ्रम की स्थिति में है। कांग्रेस के पास न तो स्पष्ट दिशा है और न ही कोई मजबूत मुद्दा। इसी बेचैनी में वे बिना आधार के आरोप लगाने में जुटे हैं।
बिहार चुनाव पर भी टिप्पणी
बिहार की राजनीति को लेकर भी बृजेश पाठक ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने के बाद कुछ दलों की बौखलाहट बढ़ गई है। उन्होंने इशारों में कहा कि इसी कारण अखिलेश यादव इस मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।
