Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में चक्रवाती तूफान का असर: हवा में आधे घंटे चक्कर काटकर भुवनेश्वर लौटा विमान, दिल्ली की फ्लाइट निरस्त

बाबतपुर एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के चलते उड़ानों पर ब्रेक; एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें प्रभावित, पटना जाने वाले 2 विमान बनारस डायवर्ट।

Ad

 
Varanasi Airport
WhatsApp Group Join Now

Ad

बाबतपुर/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश में आए चक्रवाती तूफान और खराब मौसम का सीधा असर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है। शनिवार को रनवे पर दृश्यता (Visibilty) बेहद कम होने के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में भारी बाधा आई, जिससे एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित हुईं।

Ad

सुबह 8:30 बजे तक खराब मौसम के कारण संचालन ठप रहा। इस दौरान कई उड़ानें घंटों विलंब से वाराणसी पहुंचीं, जबकि कुछ उड़ानों को वापस लौटना पड़ा या अन्य जगहों पर डायवर्ट किया गया।

आधे घंटे हवा में चक्कर काटकर भुवनेश्वर लौटा इंडिगो का विमान

शनिवार को मौसम का सबसे ज्यादा असर इंडिगो की फ्लाइट पर देखा गया:

  • भुवनेश्वर-वाराणसी फ्लाइट (6E 7035): यह विमान दोपहर 11:35 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया था। हालांकि, रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।

  • विमान लगभग आधे घंटे तक वाराणसी के आसमान में चक्कर (Holding) लगाता रहा, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर पायलट विमान को वापस भुवनेश्वर ले गया।

इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस की देर रात आने वाली दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट को ऑपरेशनल कारणों और खराब मौसम के चलते निरस्त (Cancel) कर दिया गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

Ad

पटना जाने वाले 2 विमान वाराणसी में कराए गए लैंड

पटना हवाई क्षेत्र में भी मौसम खराब होने के कारण दिल्ली और मुंबई से पटना जा रहे दो बड़े विमानों को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी डायवर्ट किया गया:

  1. एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX 1510 - दिल्ली से पटना): 173 यात्रियों को लेकर जा रहे इस विमान को दोपहर 3:30 बजे बाबतपुर में लैंड कराया गया। पटना में मौसम साफ होने पर 50 मिनट बाद (शाम 4:20 बजे) इसे रवाना किया गया।

  2. एयर इंडिया (AI 2789 - मुंबई से पटना): 161 यात्रियों वाला यह विमान दोपहर 2:45 बजे वाराणसी उतारा गया और लगभग सवा दो घंटे बाद शाम 4:55 बजे पटना के लिए उड़ान भर सका।

दो प्रमुख फ्लाइट्स के अचानक डायवर्ट होकर बनारस पहुंचने से एयरपोर्ट टर्मिनल पर अचानक यात्रियों की चहल-पहल और भीड़ बढ़ गई।

Ad

एयरपोर्ट मुख्य मार्ग पर गिरा विशाल होर्डिंग

तेज आंधी और चक्रवाती हवाओं के कारण बाबतपुर एयरपोर्ट के मुख्य मार्ग पर लगा एक विशालकाय होर्डिंग उखड़कर देर रात सड़क किनारे स्थित पंचर की दुकान पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि दुकानदार दुकान बंद करके घर जा चुका था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।