वाराणसी में कांग्रेस की 'प्रतिरोध पदयात्रा': राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी
मैदागिन से निकली पदयात्रा में कांग्रेस नेताओं ने कहा— 'मुकदमों से नहीं दबेगी राहुल गांधी की आवाज'; एफआईआर निरस्त होने तक जारी रहेगा संघर्ष।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी द्वारा मंगलवार को मैदागिन स्थित राजीव भवन से विशाल 'प्रतिरोध पदयात्रा' और विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। पदयात्रा के दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई।


मुकदमों से नहीं दबाई जा सकती राहुल गांधी की आवाज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश की जनता, युवाओं, किसानों और वंचितों के वास्तविक सरोकारों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी के खिलाफ कितने भी मुकदमे दर्ज करा दिए जाएं, उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। यदि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की बात करना अपराध है, तो कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाता रहेगा।

भाजपा की राजनीति डर और नफरत पर आधारित
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल (भाजपा) बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और सामाजिक असमानता जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। भाजपा की राजनीति का आधार डर, नफरत और विभाजन है, जबकि कांग्रेस की राजनीति हमेशा से संविधान, सामाजिक न्याय, भाईचारे और आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा पर आधारित रही है।


लोकतांत्रिक संस्थाओं का न हो राजनीतिक दुरुपयोग
चेतावनी देते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज को मुकदमों के जरिए दबाने की कोशिश बंद करे और लोकतांत्रिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम करने दे। आज देश की जनता सब देख रही है कि कौन दलितों, पिछड़ों और गरीबों के हक की बात कर रहा है और किसकी शिकायत पर पुलिस पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी।
पदयात्रा में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू हुई इस पदयात्रा और विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रजानाथ शर्मा, फ़साहत हुसैन, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, गिरीश पाण्डेय, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, चंचल शर्मा, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कंब्बन, हाजी इश्लाम, असलम खान, मनोज वर्मा, तुफैल अंसारी, राजेंद्र गुप्ता, बेलाल अहमद, विजय देवल, कुँवर बबलू बिंद, मो. उज्जेर, अनिल पटेल, सतेन्द्र तिवारी, कृष्णा गौड़, रामजी गुप्ता, गोपाल चौबे, विकास पाण्डेय और पीयूष पाठक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि जब तक एफआईआर वापस नहीं होती, उनका यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
