बनारस क्वीयर प्राइड 2026 की पहल पर बेनियाबाग पार्क में सामुदायिक पॉटलक आयोजित
क्वीर व ट्रांस समुदाय के सदस्यों और विभिन्न पृष्ठभूमि के सहयोगियों ने साझा किया भोजन; पहचान, सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे मुद्दों पर रखे विचार।
भदैनी मिरर लोकल/समाज डेस्क, वाराणसी।बनारस क्वीयर प्राइड 2026 की तैयारियों और सामाजिक संवाद को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार (22 नवंबर 2026) को वाराणसी के बेनियाबाग पार्क में सामुदायिक पॉटलक (Potluck) का आयोजन किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस आयोजन में क्वीयर एवं ट्रांस समुदाय के सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आए लोगों ने हिस्सा लिया और अपने घरों से लाया भोजन साझा किया।

पहचान, सम्मान और सामाजिक चुनौतियों पर खुला संवाद
आयोजन की शुरुआत अनामिका ने परिचय के साथ की, जिसके बाद जाति, धर्म, जेंडर, लैंगिक पहचान, यौनिकता और सामाजिक स्वीकार्यता से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई। चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने सामाजिक रूढ़िवादिता, जागरूकता की कमी और संस्थागत चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई लोगों के लिए अपनी पहचान को स्वीकार करना और व्यक्त करना आसान नहीं होता तथा सम्मान और समावेशन की प्रक्रिया परिवार से होते हुए समाज और संस्थाओं तक पहुंचती है।
इस दौरान नीति ने कहा कि पितृसत्तात्मक व्यवस्था समाज के विभिन्न वर्गों—महिलाओं, पुरुषों और क्वीयर समुदाय—को प्रभावित करती है, इसलिए समावेशी समाज के लिए परस्पर सम्मान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बनारस क्वीयर प्राइड में समानता और सम्मान में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है।
2022 से शुरू हुई यात्रा और 2026 की तैयारियां
कार्यक्रम में शिवांगी ने बनारस क्वीयर प्राइड की यात्रा साझा करते हुए बताया कि इस पहल की शुरुआत 2022 में हुई थी और 2023 में प्रशासनिक अनुमति के साथ पहला प्राइड मार्च आयोजित किया गया। इसके बाद 2024 और 2025 में भी आयोजन हुए, और अब 2026 के आयोजन को अधिक व्यापक व सहभागी बनाने के लिए विभिन्न संगठनों और सहयोगियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
संवाद के दौरान शिक्षा, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक एकजुटता पर विचार रखे गए। इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी से आए प्रतिभागियों ने भी इसे सामाजिक समावेशन की दिशा में एक पहल बताया। कार्यक्रम में सामूहिक खेल गतिविधियों व भोजन साझा करने के बाद नैन्सी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। विज्ञप्ति के अनुसार, आयोजन में अनामिका, नीति, बनी वर्मा, सैम, रूमान, अखिलेश, कृष्णा, शिवांगी, अबीर, रेनू, नितेश, तानिया, उदय, बनी और अनम समेत करीब 50 लोगों की उपस्थिति रही।
