पीसीएस में चयनित वाणिज्य कर अधिकारी का बेनीपुर में भव्य स्वागत
बेनीपुर चौराहे पर पहुंचने पर लोगों ने माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट कर सफलता की बधाई दी
Apr 5, 2026, 08:34 IST
WhatsApp
Group
Join Now
मिर्जामुराद। क्षेत्र के बेनीपुर (आराजी लाइन विकासखंड) गांव निवासी जिलाजीत मौर्य पुत्र स्वर्गीय लल्लू राम मौर्य के पीसीएस परीक्षा में 136वीं रैंक प्राप्त कर वाणिज्य कर अधिकारी पद पर चयनित होने पर प्रथम आगमन पर गांव में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। गांव के चौराहे पर पहुंचने पर लोगों ने माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट कर सफलता की बधाई दी। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। इसके बाद उन्होंने गांव स्थित डीह बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
बातचीत में जिलाजीत मौर्य ने बताया कि इस परीक्षा में सफलता के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाइयों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। अविवाहित वाणिज्य कर अधिकारी ने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त नहीं करेंगे, तब तक विवाह नहीं करेंगे। उन्होंने यह सफलता तीसरे प्रयास में हासिल की। जिलाजीत चार भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे हैं। करीब 18 वर्ष पूर्व उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। इसके बावजूद उन्होंने मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सिविल सेवा की तैयारी जारी रखी। वह प्रयागराज में रहकर तैयारी कर रहे थे।


इस मौके पर परिजनों ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। बेटे की सफलता को देखकर माता गुलाबी देवी की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। ग्रामीणों ने उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
