बनारस में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, शाम 4 बजे से बढ़ने लगी गलन
धूप कमजोर होते ही बढ़ी सिहरन, पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड; मौसम विभाग ने 27 नवंबर के बाद तापमान बढ़ने की जताई संभावना
Nov 27, 2025, 11:09 IST
WhatsApp
Group
Join Now

वाराणसी, भदैनी मिरर। बनारस में मौसम धीरे-धीरे करवट बदल रहा है। बुधवार को जैसे ही शाम के चार बजे, धूप कमजोर पड़ने लगी और हल्की सिहरन महसूस होने लगी। वहीं शाम पांच बजे के बाद गलन में और बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहरवासियों को पहली बार असली ठंड का अहसास होने लगा है।
जिले में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 1.9 डिग्री कम दर्ज किया गया। तापमान में यह गिरावट लगातार बन रही पछुआ हवाओं की वजह से हो रही है।



यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हिमालय की ओर से आ रही पछुआ हवा के चलते पिछले दो दिनों में ठंड बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आने वाले 24 घंटे तक गलन महसूस होती रहेगी, लेकिन 27 नवंबर के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।

शहर में सुबह और देर शाम के समय लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से सावधान रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने फिलहाल कोहरे की कोई बड़ी चेतावनी नहीं जारी की है, लेकिन सुबह के समय धुंध हल्की रह सकती है।

