वाराणसी में ठंड और कोहरे का असर: 12 जनवरी से सभी स्कूल सुबह 10 बजे से खुलेंगे
प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों का बदला संचालन समय, जिला विद्यालय निरीक्षक ने जारी किया आदेश
वाराणसी, भदैनी मिरर। जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, वाराणसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब 12 जनवरी 2026 से प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों का संचालन समय परिवर्तित कर दिया गया है।



आदेश के तहत निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी विद्यालय द्वारा आदेश की अनदेखी किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन का कहना है कि सुबह के समय घना कोहरा और कम तापमान छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में स्कूल समय में बदलाव कर बच्चों को राहत देने का प्रयास किया गया है।
अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की गई है कि वे आदेश का पालन करें और छात्रों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में सहयोग करें।

