वाराणसी: सीएम योगी के दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवायजरी जारी, BLW और इन रास्तों पर जाने से पहले पढ़ लें ये खबर
सीएम करेंगे योजनाओं का निरीक्षण, प्रशासन सक्रिय
वाराणसी (भदैनी मिरर): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय वाराणसी दौरे को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। मंगलवार, 21 अप्रैल को वीवीआईपी मूवमेंट के कारण बीएलडब्ल्यू (बरेका) परिसर सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने आमजन से वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की अपील की है।


प्रमुख डायवर्जन और प्रतिबंध
यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, वीवीआईपी काफिले की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए निम्नलिखित व्यवस्था लागू रहेगी:
1. बीएलडब्ल्यू (बरेका) क्षेत्र: सिनेमा तिराहे, कुंदन तिराहे, सेंट्रल मार्केट, डी-5 रेलवे क्रॉसिंग और सूर्य सरोवर क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इन वाहनों को एफसीआई गेट और पुलिस चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
2. लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग: शाम 4 बजे के बाद रोडवेज बसों, ऑटो-टैक्सी और टूरिस्ट बसों को लहरतारा, ककरमत्ता और बीएलडब्ल्यू गेट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें मोहनसराय, डाफी या चांदपुर के रास्ते भेजा जाएगा।
3. महमूरगंज आरओबी: महमूरगंज ओवरब्रिज से किसी भी वाहन को मंडुवाडीह चौराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को महमूरगंज चौकी की ओर मोड़ दिया जाएगा।
4. बौलिया तिराहा: यहाँ से लहरतारा की ओर जाने वाले ट्रैफिक को रोककर फुलवरिया आरओबी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

शहर के अन्य प्रभावित इलाके
अमर उजाला तिराहे से लहुराबीर और मैदागिन की ओर टेम्पो ट्रैवलर और क्रूजर जैसे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा विशेश्वरगंज, चांदपुर, अखरी अंडरपास और मुढैला तिराहे पर भी आवश्यकतानुसार ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जाएगा।

प्रशासनिक मुस्तैदी और अतिक्रमण पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सीएम योगी बुधवार को शहर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
विशेष अभियान: प्रधानमंत्री के संभावित 28 अप्रैल के दौरे को देखते हुए नगर निगम ने शहर में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है। कचहरी, गोदौलिया, लहुराबीर और मैदागिन क्षेत्रों में सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
