सीएम योगी का सख्त निर्देश- काशी विश्वनाथ धाम में दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए
कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार पर प्रहार के आदेश, पर्वों से पहले चाक-चौबंद सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
वाराणसी। Yogi Adityanath ने वाराणसी दौरे के दौरान कानून व्यवस्था और धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि Shri Kashi Vishwanath Temple में दर्शनार्थियों के साथ पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या दुर्व्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।


उन्होंने पुलिस और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
श्रद्धा का स्थल, कमाई का जरिया नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए और वहां बिकने वाली सामग्रियों के रेट वाजिब हों।

उन्होंने दो टूक कहा कि धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा और आस्था का केंद्र हैं। इसलिए यहां आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।
पर्वों से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
आगामी होली और अन्य पर्वों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:

- कोई भी धार्मिक क्रियाकलाप धार्मिक स्थल परिसर के भीतर ही हो।
- नई परंपराओं की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- तीव्र आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर सख्ती हो।
- सड़कों पर अतिक्रमण कर वाहन पार्किंग न हो।
पुलिस व्यवहार और कानून व्यवस्था पर जोर
सीएम योगी ने पुलिस को आमजन के प्रति शालीन व्यवहार और त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कठोर कार्रवाई के आदेश दिए।
कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार, जहरीली शराब की बिक्री और अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखने को कहा। त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए गए।
यातायात, राजस्व वाद और जनसुनवाई पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, सड़क सुरक्षा बैठकों को नियमित करने और अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर बल दिया।
उन्होंने लंबित राजस्व वादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अविवादित वरासत मामलों के शीघ्र समाधान और नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले और कमिश्नरी स्तर पर व्यापार एवं उद्योग बंधु तथा बैंकों की नियमित बैठकें कर शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।
जिमों की जांच और महिला सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने जनपद के सभी जिमों की जांच कराने और वहां महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गौतस्करी के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की। एडीजी जोन पियूष मोर्डिया ने मिशन शक्ति, अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई और आगामी पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों की जानकारी दी।
