चोलापुर:अनशन वाली जमीन पर ही गूंजे छठी मैया के जयकारे, आस्था की हुई जीत
उदयपुर में हजारों महिलाओं ने एकजुट होकर किया भव्य छठ पूजा का आयोजन, पुलिस रही मुस्तैद
वाराणसी। उदयपुर स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समीप जिस स्थान पर छठ पूजा को लेकर महिलाओं ने अपनी धार्मिक आस्था और परंपरा की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण अनशन किया था, उसी स्थान पर हजारों महिलाओं ने एकत्रित होकर भव्य छठ पूजा का आयोजन किया।
कई दिनों तक चले इस प्रकरण के बाद महिलाओं के संकल्प और सामूहिक प्रयास से पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी अवनिश मिश्रा पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रिंस चौबे, सुनील मिश्रा, अजय चौबे, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सुधू, मनीष चौबे, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नीतेश सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान शांति और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा। पूजा संपन्न होने पर महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, महिलाओं के सामूहिक संकल्प और सामाजिक एकता का संदेश दिया। छठी मैया के जयकारों के साथ पूजा कार्यक्रम का समापन हुआ।
