
वाराणसी में दूसरे दिन भी चला अभियान, वसूला ₹75,000 जुर्माना, जाने कब कहा होगा बुलडोजर एक्शन
सारनाथ और आदमपुर जोन में चला बुलडोजर, आगे भी कई जोनों में कार्रवाई की तैयारी




वाराणसी,भदैनी मिरर। नगर निगम वाराणसी ने नालों पर अतिक्रमण हटाने के अपने विशेष अभियान को लगातार दूसरे दिन भी जारी रखा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर आज शनिवार को सारनाथ जोन और आदमपुर जोन में नगर निगम का बुलडोजर गरजा। जिसमें कुल ₹75,000 का जुर्माना वसूला गया।

सारनाथ जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी के नेतृत्व में पहड़िया चौराहा से रौनाबेला मार्ग तक नालों पर किये गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों से ₹70,000 का जुर्माना वसूल किया गया।
वहीं आदमपुर जोन में जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र के नेतृत्व में गोलगड्डा से आदमपुर थाना तक की कार्रवाई में नालों से अतिक्रमण हटाया गया और ₹5,000 का जुर्माना वसूल किया गया।


अपर नगर आयुक्त संगम लाल द्वारा तैयार की गई समय सारिणी के अनुसार आगामी दिनों में विभिन्न जोनों में बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी:
- 02 जून: भेलूपुर जोन
- 04 जून: दशाश्वमेध जोन और रामनगर जोन
- 05 जून: ऋषि माण्डवी जोन और वरुणापार जोन
- 06 जून: भेलूपुर जोन और नगवा सब-जोन
- 09 जून: सारनाथ जोन और वरुणापार जोन
- 10 जून: आदमपुर जोन
- 11 जून: दशाश्वमेध जोन और ऋषि माण्डवी जोन
- 12 जून: रामनगर जोन
- 13 जून: भेलूपुर जोन
नगर निगम की यह कार्रवाई मानसून से पहले नालों की सफाई और जलजमाव से निजात दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

