काशी में 4 और 5 जून को सजेगा ब्रिक्स सम्मेलन का मंच, ताज होटल में जुटेंगे वैश्विक संस्कृति कार्य समूह
भारत की अध्यक्षता में वाराणसी मेजबानी को तैयार; मंडलायुक्त और डीएम ने समीक्षा बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
वाराणसी (भदैनी मिरर): सांस्कृतिक नगरी काशी एक बार फिर वैश्विक कूटनीति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का केंद्र बनने जा रही है। आगामी 4 और 5 जून को वाराणसी के प्रतिष्ठित ताज होटल में ब्रिक्स (BRICS) देशों के संस्कृति कार्य समूह की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में चार प्रमुख संस्कृति कार्य समूह शिरकत करेंगे, जो काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच आपसी सांस्कृतिक समझौतों पर भी मुहर लगा सकते हैं।


तैयारियों को लेकर कमिश्नरी में हाई-लेवल बैठक
सम्मेलन को भव्य और त्रुटिहीन बनाने के लिए संस्कृति मंत्रालय की निदेशक प्रियंका चंद्र ने गुरुवार को आयुक्त सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, विदेशी मेहमानों का स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, यातायात प्रबंधन और अन्य वीआईपी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
काशी की वैश्विक पहचान चमकाने का बड़ा अवसर
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा:

"ब्रिक्स सम्मेलन के माध्यम से काशी की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और अद्भुत आतिथ्य परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का यह एक बेहतरीन अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय (Coordination) स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी कर लें।"
भारत कर रहा है इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता
गौरतलब है कि भारत इस वर्ष ब्रिक्स संगठन की अध्यक्षता कर रहा है। इस बार की बैठकों का मुख्य विषय (Theme) ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखा गया है। इस सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात) के प्रतिनिधि और संस्कृति विशेषज्ञ शामिल होने वाराणसी आ रहे हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
तैयारियों की इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, एडीएम प्रोटोकॉल विनय कुमार सहित पर्यटन, संस्कृति, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
