बिहार: खान सर की कोचिंग में उपद्रव करने वाले आरोपी की नेपाल के होटल में संदिग्ध मौत, ज्ञान बिंदु के संचालक का भाई था प्रिंस यादव
खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़ के बाद से ही था फरार
पटना/डेस्क: बिहार के कोचिंग जगत से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। मशहूर शिक्षक फैजल खान (खान सर) की कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और उपद्रव मामले के नामजद आरोपी प्रिंस यादव का शव नेपाल के एक होटल से बरामद हुआ है। प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के बाद बिहार से लेकर नेपाल तक हड़कंप मच गया है।


बता दें कि मृतक प्रिंस यादव, पटना की प्रसिद्ध 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का सगा भाई था।
खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़ के बाद से ही था फरार
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की थी, जिसमें प्रिंस यादव का नाम भी मुख्य आरोपियों में शामिल था।

प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने और पुलिसिया कार्रवाई के डर से प्रिंस यादव गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार छोड़कर नेपाल भाग गया था और वहीं एक होटल में छिपा हुआ था।
नेपाल के होटल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी तब हुई जब नेपाल के संबंधित इलाके के एक होटल के कमरे से प्रिंस यादव का शव बरामद किया गया। होटल स्टाफ की सूचना पर स्थानीय नेपाल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

करीबियों से पूछताछ जारी: नेपाल पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव के साथ नेपाल गए और होटल में ठहरे अन्य करीबियों व दोस्तों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है, स्वाभाविक मौत है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।
मौत के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल प्रिंस यादव की मौत की असली वजह क्या है, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इधर, प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
