BHU; दवा दलालों को रोकेगा "उड़नदस्ता", LED पर दिखाई जाएगी फर्जीवाड़ा करने वालों की तस्वीर
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में इलाज के लिए आने वाले दूर-दराज के मरीजों को दलालों, ठगों और अनैतिक गतिविधियों से बचाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने निर्णायक कदम उठाया है। एक तरफ जहां परिसर में लगे LED स्क्रीन्स पर संदिग्धों की तस्वीरें दिखाकर मरीजों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अब जल्द ही एक विशेष 'फ्लाइंग स्क्वॉड' (उड़नदस्ता) का गठन करने की तैयारी है।


LED स्क्रीन पर तस्वीरें सार्वजनिक, बढ़ा कानून का खौफ
अस्पताल परिसर में कुछ दिन पहले मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है। मरीजों और परिजनों को गुमराह करने, पॉकेटमारी, मोबाइल चोरी और इलाज के नाम पर दलाली करने में संलिप्त पाए गए लोगों की तस्वीरें अस्पताल परिसर की LED स्क्रीन्स पर प्रदर्शित की जा रही हैं।

बीएचयू छात्र योगेश योगी ने प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और आपराधिक किस्म के लोगों में कानून का डर पैदा होगा। उन्होंने नए चिकित्सा अधीक्षक (MS) डॉ. पुनीत की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई कि सर सुंदरलाल अस्पताल जल्द ही असामाजिक तत्वों से पूरी तरह मुक्त होगा।


अब फ्लाइंग स्क्वॉड मारेगा औचक छापा
मरीजों को पूरी तरह पारदर्शी इलाज सुविधा देने के लिए आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने चिकित्सा अधीक्षक (MS) को जल्द फ्लाइंग स्क्वॉड गठित करने का निर्देश जारी किया है।
यह फ्लाइंग स्क्वॉड दिन में दो से तीन बार ओपीडी, विभिन्न वार्डों, जांच केंद्रों और अस्पताल के छोटे गेट जैसे संवेदनशील स्थानों पर औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) करेगा।

इन गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर:
-
मरीजों को गुमराह करने वाले दलाल।
-
परिसर में अनधिकृत रूप से घूमने वाले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR)।
-
मरीजों को बाहर के प्राइवेट पैथोलॉजी केंद्रों में जांच कराने के लिए भेजने वाले।
-
विशेष मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने का दबाव बनाने या बाहर की पर्ची लिखने की शिकायतें।
निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने स्पष्ट किया कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई भी व्यक्ति मरीजों को निजी जांच केंद्रों या निजी मेडिकल स्टोर पर भेजता हुआ पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
