BHU News: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय को 4 साल बाद मिले पूर्णकालिक कुलसचिव और परीक्षा नियंता, जानें कौन हैं जिन्हें मिली जिम्मेदारी
होल्कर भवन में मैराथन इंटरव्यू के बाद कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और कार्यकारिणी ने नाम पर लगाई मुहर; प्रभार के भरोसे चल रहा काम अब खत्म
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के प्रशासनिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। विश्वविद्यालय को पिछले 4 साल से चल रहे लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नए पूर्णकालिक कुलसचिव (Registrar) और परीक्षा नियंता (Controller of Examinations) मिल गए हैं.


शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित होल्कर भवन में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चली मैराथन साक्षात्कार (Interview) प्रक्रिया के बाद दोनों महत्वपूर्ण पदों पर नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई. इस हाई-लेवल चयन प्रक्रिया में कुलसचिव पद के लिए 18 और परीक्षा नियंता पद के लिए 16 शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया. लगभग तीन महीने तक चली कड़ी स्क्रीनिंग प्रक्रिया के बाद इन अभ्यर्थियों की फाइनल लिस्ट तैयार की गई थी.

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और कार्यकारिणी परिषद के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से डॉ. राजन श्रीवास्तव को बीएचयू का नया कुलसचिव और डॉ. अवधेश कुमार को नया परीक्षा नियंता नियुक्त करने के फैसले पर अंतिम मुहर लगा दी गई है.
पूर्व वीसी सुधीर जैन के समय अटक गई थी भर्ती प्रक्रिया
आपको बता दें कि बीएचयू में पिछले लगभग चार वर्षों से कुलसचिव और परीक्षा नियंता जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण पद स्थायी अधिकारियों के बजाय आचार्य प्रभारियों के भरोसे चल रहे थे. इससे पहले दिसंबर 2024 में इन पदों को भरने के लिए विज्ञापन निकाला गया था, लेकिन तत्कालीन कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पूरा मामला ठंडे बस्ते में चला गया था.

वर्तमान कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक सुदृढ़ता के लिए इन नियुक्तियों को अपनी प्राथमिकता में रखा और प्रक्रिया को रफ्तार दी. हालांकि, तीन महीने पहले भी इसके लिए इंटरव्यू आयोजित हुए थे, लेकिन तब किसी भी अभ्यर्थी को इस पद के योग्य नहीं पाया गया था, जिसके बाद नए सिरे से यह कवायद पूरी की गई.
जानिए कौन हैं बीएचयू के नए कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव?
नवनियुक्त कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव उच्च शिक्षा प्रशासन और वित्त के क्षेत्र में लगभग तीन दशकों (30 साल) का एक बेहद समृद्ध और लंबा अनुभव रखते हैं.
-
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1996 में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में ही सहायक कुलसचिव के रूप में की थी.
-
वर्ष 2009 में उन्हें बीएचयू में उप कुलसचिव (Deputy Registrar) पद पर पदोन्नत किया गया.
-
साल 2012 में वे डिप्टी रजिस्ट्रार के रूप में आईआईटी (बीएचयू) से जुड़े और वहां साढ़े चार वर्षों तक (7 जुलाई 2025 तक) कार्यवाहक कुलसचिव के रूप में अपनी बेहतरीन सेवाएं दीं.
-
हाल ही में वे आईआईटी बीएचयू में संयुक्त कुलसचिव (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थे, जहां से उन्हें राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (अमेठी) का कुलसचिव बनाया गया था. अब वे वापस अपनी मातृ संस्था बीएचयू में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की कमान संभालेंगे.
डॉ. अवधेश कुमार को मिली परीक्षा नियंत्रक की कमान
विश्वविद्यालय की रीढ़ माने जाने वाले परीक्षा नियंता कार्यालय की जिम्मेदारी बीएचयू के ही मौजूदा संयुक्त कुलसचिव (Joint Registrar) डॉ. अवधेश कुमार को सौंपी गई है. डॉ. अवधेश कुमार पहले से ही परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के तहत मुख्य प्रशासनिक और गोपनीय जिम्मेदारियों को संभाल रहे हैं. इसके अलावा, विश्वविद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं और दाखिला प्रक्रियाओं से जुड़े UET, PET और RET अनुभाग के प्रभारी के रूप में भी उनका ट्रैक रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है.

