बीएचयू व ट्रॉमा सेंटर से मोबाइल चोरी करने वाली बिहार की महिला गिरफ्तार, 5 एंड्रॉयड फोन बरामद
लंका पुलिस की कार्रवाई, मरीजों के तीमारदारों को बनाती थी निशाना
वाराणसी, भदैनी मिरर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर और ट्रॉमा सेंटर में लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर लंका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से मरीजों और उनके तीमारदारों द्वारा मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम को सक्रिय किया गया।
एमएमबी तिराहा के पास पकड़ी गई महिला
गुरुवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर लंका थाना पुलिस ने एमएमबी तिराहा के आगे पार्किंग के पास से एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बिसरामपुर, सासाराम (बिहार) की निवासिनी बताया।

अस्पताल परिसर में छिपाए थे मोबाइल
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल उसने सुंदरलाल अस्पताल के बाल विभाग के पास खाली जगह में कचरे के नीचे छिपा दिए हैं। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से कुल पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल के आईएमईआई नंबर एफआईआर में दर्ज नंबरों से मेल खाते पाए गए।

भीड़ का फायदा उठाकर करती थी चोरी
पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह बीएचयू परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर मरीजों के तीमारदारों के मोबाइल पार कर देती थी और पकड़े जाने के डर से उन्हें फ्लाइट मोड पर डालकर छिपा देती थी।
लंका थाने में अभियुक्ता के खिलाफ मुकदमादर्ज किया गया है। पुलिस महिला के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, महिला उपनिरीक्षक निहारिका साहू, चौकी प्रभारी संकटमोचन शिप्रा सिंह, उपनिरीक्षक हृदया गुप्ता और महिला कांस्टेबल किरन शामिल रहीं।
