BHU: CHS एंट्रेंस के नोटिफिकेशन में विसंगतियों का आरोप, केंद्रीय कार्यालय के बाहर नोकझोंक और धक्का-मुक्की
CHS BHU 2026 बुलेटिन में सुधार की मांग, कक्षा-6 परीक्षा बहाली और कक्षा-9 सीटें बढ़ाने को लेकर छात्रों का आक्रोश
वाराणसी,भदैनी मिरर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के बाहर सोमवार को छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) में शैक्षणिक सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया और जारी बुलेटिन में खामियों को लेकर किया गया।


प्रदर्शन के दौरान छात्रों और विश्वविद्यालय के प्राक्टोरियल बोर्ड के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जो आगे चलकर धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर भारी पुलिस बल और प्राक्टोरियल बोर्ड मौजूद रहा, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि CHS BHU 2026 बुलेटिन में कई अहम जानकारियां स्पष्ट नहीं हैं, जिससे प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रह गई है। इसे लेकर विश्वविद्यालय परिवार, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन के सामने प्रमुख मांगें रखीं।

छात्रों की प्रमुख मांगें
कक्षा-9 में सीटें बहाल हों
छात्रों का कहना है कि कक्षा-9 में शून्य सीटें घोषित करना विश्वविद्यालय की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि अतिरिक्त सेक्शन बनाकर प्रवेश शुरू किया जाए या पूरे CHS में प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन प्रक्रिया लागू की जाए।

कक्षा-6 की प्रवेश परीक्षा फिर शुरू हो
कोरोना काल के दौरान बंद की गई कक्षा-6 की प्रवेश परीक्षा अब तक बहाल नहीं हुई है। छात्रों ने मांग की कि पहले की तरह प्रतिस्पर्धात्मक और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली दोबारा लागू की जाए।
हॉस्टल सीटों की जानकारी बुलेटिन में दी जाए
CHS की सभी कक्षाओं के लिए हॉस्टल आवंटन से जुड़ी स्पष्ट जानकारी बुलेटिन में शामिल करने की मांग की गई, ताकि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी योजना बनाने में सुविधा मिल सके।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पूरा मामला वाराणसी से जुड़ा है, जहां शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।
