IGRS रैंकिंग में पिछड़ने पर बड़ागांव SHO लाइन हाजिर; कई थानेदारों के कार्यक्षेत्र बदले
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनसुनवाई और गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर जोर, देव दीपावली व आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा के कड़े निर्देश
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान कमिश्नर ने खराब कार्यशैली और IGRS रैंकिंग में पिछड़ने वाले थाना प्रभारियों पर गाज गिराई है। साथ ही आगामी त्योहारों, देव दीपावली और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।



बड़ागाँव एसएचओ लाइन हाजिर, कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले
समीक्षा बैठक के दौरान IGRS रैंकिंग में प्रदेश के अंतिम 10 थानों में स्थान पाने पर कड़ा असंतोष जताते हुए पुलिस आयुक्त ने बड़ागाँव के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस लाइन संबद्ध कर दिया है। स्पष्ट किया गया है कि थानों पर वही अधिकारी टिकेंगे जिनका प्रदर्शन उत्कृष्ट होगा और जो अपराध नियंत्रण व जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण में बेहतर परिणाम देंगे।
प्रभारी निरीक्षक बड़ागाँव प्रवीण कुमार सिंह को पुलिस लाइन कर दिया है, थानाध्यक्ष सिंधौरा उपनरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय को बडागांव थाने का प्रभार सौंपा गया है। कैंट थाने में तैनात दरोगा रविकान्त मलिक को थानाध्यक्ष सिंधौरा बनाया गया है।
जनसुनवाई और IGRS निस्तारण पर विशेष जोर
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों और IGRS संदर्भों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध हो। शिकायतों की जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। थानों पर नियमित जनसुनवाई हो और पीड़ित के साथ शालीन व सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत फीडबैक भी प्राप्त किया जाए।
देव दीपावली और आगामी त्योहारों के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध
आगामी आयोजनों जैसे नागनाथैया, काली प्रतिमा विसर्जन, डाला छठ, देवउत्थान एकादशी, गुरु नानक जयंती, बुद्ध जयंती और विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली व गंगा महोत्सव के मद्देनजर भारी भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
गंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए फ्लोटिंग बैरियर, ड्रोन व सीसीटीवी से सतत निगरानी तथा गोताखोरों और नाविकों की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
नावों पर लाइफ जैकेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने और घाटों पर एंटी रोमियो टीम तैनात रखने को कहा गया है।
विवेचनाओं में तेजी और अपराधियों पर नकेल
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि 10 वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों की विवेचनाएं 90 दिनों के भीतर और अन्य मामलों की विवेचनाएं 60 दिनों के भीतर पूरी की जाएं। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निरोधात्मक कार्रवाई शुरू करने, गैर-जमानती वारंट (NBW) का शत-प्रतिशत तामीला कराने और हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी के आदेश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा एक्ट, गैंगस्टर, आबकारी और जुआ अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
