Movie prime
PMC_Hospital

Banaras Railway News: कामाख्या एक्सप्रेस पर पथराव से यात्री का सिर फटा; RPF और GRP की संयुक्त टीम ने शुरू की जांच

हरदत्तपुर-बनारस रेलवे स्टेशन के पास समपार फाटक 7C के पास अज्ञात अराजक तत्वों ने ट्रेन पर फेंका पत्थर।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

वाराणसी/रेलवे डेस्क (भदैनी मिरर): हरदत्तपुर और बनारस रेलवे स्टेशन के मध्य ट्रेन पर पथराव की एक गंभीर घटना सामने आई है। 9 नवंबर 2026 को गाड़ी संख्या 15672 के कोच संख्या S-3 में यात्रा कर रहे लगभग 29 वर्षीय एक यात्री के सिर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंका गया पत्थर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ad
Ad

पथराव की यह घटना समपार फाटक संख्या 7C के पास किलोमीटर संख्या 213/28 पर घटी।

RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही रेसुब (RPF) पोस्ट बनारस के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। टीम ने स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर, पेंट्रीकार मैनेजर तथा संबंधित समपार फाटकों पर तैनात गेटमैन से गहन पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

जांच में सामने आया कि घायल यात्री बनारस स्टेशन पर ही गाड़ी से उतरकर चला गया था। पेंट्रीकार मैनेजर द्वारा यात्री का नाम, पता या मोबाइल नंबर दर्ज न किए जाने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेसुब पोस्ट बनारस में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला (मु.अ.सं. 538/26) पंजीकृत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्राम प्रधानों के साथ जागरूकता अभियान और कड़ी कार्रवाई

अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ ने निरोधात्मक कदम उठाए हैं:

  • जागरूकता अभियान: संबंधित क्षेत्र के आसपास के ग्राम प्रधानों से संपर्क कर ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी और अन्य अवांछित गतिविधियों के खतरों व दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम प्रधानों ने भी ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल RPF को देने का आश्वासन दिया है।

  • अनाधिकृत ट्रैक क्रॉसिंग पर जुर्माना: कार्रवाई के दौरान समपार फाटक संख्या 7C के पास अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करते पकड़े गए एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 147 रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹500 का जुर्माना वसूला गया।

आरपीएफ बनारस पोस्ट ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि वे रेल संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें, रेलवे ट्रैक पर पथराव या किसी भी अवांछित गतिविधि से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को सूचित करें।