Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र का घेराव: BAMS छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर घेरा, पूछे तीखे सवाल

 राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय पहुंचे मंत्री से छात्रों के तीखे सवाल; कहा- 'आश्वासन का हफ्ता बीता, अब दें जवाब'

Ad

 
gdr
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर डेस्क। वाराणसी स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया जब स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत BAMS छात्रों ने उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' का घेराव कर लिया। लखनऊ में आंदोलन के दौरान मंत्री द्वारा दिए गए एक सप्ताह के आश्वासन की सीमा समाप्त होने के बाद भी मांग पूरी न होने से छात्र भारी आक्रोशित दिखे।

Ad

'आश्वासन के 10 दिन बीते, पर नहीं बढ़ा स्टाइपेंड'

राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय (वाराणसी) के 2021 बैच के छात्र राजेश कुमार ने बताया कि जब छात्रों का 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहली बार लखनऊ में मंत्री जी से मिलने गया था, तब उन्होंने स्पष्ट रूप से एक हफ्ते का समय मांगा था। मंत्री ने आश्वासन दिया था कि वह मुख्यमंत्री जी से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर स्टाइपेंड बढ़ाने का ठोस प्रयास करेंगे।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे धैर्य और शांतिपूर्ण तरीके से 10 दिनों तक इंतजार किया, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। जब हाल ही में छात्रों ने पुनः लखनऊ में अपनी मांग रखी तो पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। ऐसे में जब आयुष मंत्री वाराणसी स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय पहुंचे, तो छात्रों ने उनसे अब तक की प्रगति और पुराने वादे को लेकर सीधे सवाल पूछे।

Ad


'कोर्स के नाम में ही सर्जरी है, फिर योग्यता पर सवाल क्यों?'

आंदोलनरत छात्रों ने अपनी पैथी और योग्यता पर उठाए जा रहे सवालों पर भी गहरा ऐतराज जताया। छात्र प्रतिनिधि ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि BAMS (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) के नाम में ही 'सर्जरी' शब्द शामिल है। आयुर्वेद के डॉक्टर एनोरेक्टल सर्जरीज (Anorectal Surgeries) सफलतापूर्वक करते हैं और अस्पतालों में पंचकर्म सेंटर चलाए जाते हैं, फिर भी उनकी योग्यता और स्टाइपेंड को लेकर उपेक्षात्मक रवैया क्यों अपनाया जा रहा है?

Ad


मंत्री ने फिर दिया 6 से 7 दिनों का समय

घेराव के दौरान आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने छात्रों की बातें सुनने के बाद एक बार फिर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। मंत्री ने छात्रों से कहा कि वे उंगलियों पर 6 से 7 दिनों का समय गिनें और उन्हें जल्द ही स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर खुशखबरी मिलेगी।
वहीं, छात्रों का कहना है कि चिकित्सा पेशे की मर्यादा का पालन करते हुए वे पूरी तरह से अहिंसक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन यदि इस बार भी वादा पूरा नहीं हुआ तो वे अपने हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।